घमंड पसंद नहीं, जमीन से जुड़ा रहना चाहता हूं: सिराज बोले- मेरे फेमस होने में दोस्तों का हाथ; धोनी ने सिखाया था कि किसी की बातों में मत आना
Published:
2 min read

मोहम्मद सिराज ने 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू किया था।(फोटो क्रेडिट:@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क.भारतीय पेसर मोहम्मद सिराज ने क्रिकेट में नाम और शोहरत पाने के बाद भी खुद को जमीन से जुड़ा हुआ बताया है। हैदराबाद के इस गेंदबाज ने कहा कि उन्हें घमंड और एटीट्यूड बिल्कुल पसंद नहीं है। सिराज ने कहा- मैं आज जो कुछ भी हूं। इसमें मेहनत और दोस्तों का हाथ है।
धोनी की सीख हमेशा याद रहेगी
एक इंटरव्यू में सिराज ने कहा- धोनी ने मुझसे कहा था कि कभी किसी की बातों में मत आना। जब तक परफॉर्म करेगा, तब तक सब साथ हैं। एक गलती करेगा तो लोग तेरे खिलाफ बोलना शुरू कर देंगे। मैं हमेशा इस सीख तो याद रखता हूं। एक सवाल के जवाब में सिराज कहा- बचपन बेहद साधारण था। पिता ऑटो रिक्शा चलाते थे। तब कभी नहीं लगता था कि मैं एक दिन देश के लिए खेलूंगा। टेनिस बॉल क्रिकेट खेलने पर जब पैसे मिलने लगे तो मैंने क्रिकेट और बॉलिंग को पैशन बना लिया।

मैं आज भी वही सरल इंसान
सिराज ने आगे कहा- आज मेरे पास रेंज रोवर जैसी गाड़ी है। इंडिया को रिप्रजेंट कर रहा हूं। लेकिन आज भी उन्हीं दोस्तों के साथ वक्त बिताता हूं, जिनके साथ बचपन गुजरा। हम अब भी उन्हीं जगहों पर चाय पीते हैं। एरोगेंस और दिखावा बिल्कुल पसंद नहीं है। मैं चाहता हूं कि लोग मुझे वैसे ही ट्रीट करें जैसे पहले करते थे। कोई स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फेमस होने के बाद बदल जाते हैं।
इंग्लैंड दौरे पर वापसी
सिराज का बॉर्डर-गावस्कर टॉफी 2024-25 ऑस्ट्रेलिया दौरे पर परफॉर्मेंस कुछ खास नहीं था लोगों ने उन्हें ट्रोल किया। हालांकि उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर वापसी की। वहां 5 टेस्ट मैच की सीरीज में 23 विकेट हासिल किए। इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच चल रही 2 मैच की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भी सिराज ने 7 विकेट लिए।

