सिलेक्शन पर शमी Vs अगरकर: चीफ सिलेक्टर ने शमी को बताया अनफिट, तेज गेंदबाज ने कहा- उन्हें जो बोलना है बोलने दो
Published: Updated:
3 min read

मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच इसी साल 9 मार्च को चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट में इस समय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के बीच जुबानी जंग देखने को मिल रही है। शमी खुद को फिट बताकर टीम इंडिया में खेलने के लिए बेताब नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के चीफ सिलेक्टर अगरकर उन्हें लगातार अनफिट बता रहे हैं।
इसी बीच एक बार फिर शमी का ताजा बयान आया है। उन्होंने अगरकर के अनफिट बताने वाले बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। शमी ने साफ कह दिया कि उन्हें जो कुछ भी बोलना है, बोलने दो। आइए जानते हैं आखिर यह पूरा मामला क्या है…
फिट होकर शमी ने दिलीप ट्रॉफी मैच खेला
शमी ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच इसी साल 9 मार्च को चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। इसमें शमी ने 74 रन देकर 1 विकेट लिया था। इसके बाद शमी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 सीजन के 9 मैच खेले। इसके बाद वे चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। तीन महीने ब्रेक के बाद शमी ने अगस्त में दिलीप ट्रॉफी का एक मैच खेला, जिसमें 34 ओवर गेंदबाजी कर एक विकेट लिया।
भारतीय टीम ने जून-जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेली, लेकिन शमी को इसमें सिलेक्ट नहीं किया गया। तब सेलेक्शन कमेटी ने शमी को अनफिट बताया था। अब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां 3 वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसके लिए भी शमी को अनफिट बताकर सिलेक्ट नहीं किया गया।
फिटनेस पर अपडेट देना मेरा काम नहीं: शमी
इसी बीच शमी से टीम इंडिया से ड्रॉप होने और फिटनेस को लेकर सवाल किया गया। इस पर शमी ने कहा था- सिलेक्शन मेरे हाथ में नहीं है। अगर मेरी फिटनेस में समस्या होती, तो मैं बंगाल के लिए नहीं खेलता। मुझे नहीं लगता कि इस पर कुछ कहकर कोई विवाद खड़ा करने की जरूरत है। अगर मैं चार दिन का रणजी ट्रॉफी मैच खेल सकता हूं, तो 50 ओवरों का क्रिकेट भी आसानी से खेल सकता हूं।
अगरकर ने अनफिट बताकर शमी को बाहर किया था। इस पर शमी ने कहा था- फिटनेस को लेकर अपडेट देना या बताना मेरा काम नहीं है। मेरा काम NCA जाना, तैयारी करना और मैच खेलना है। यह उनकी बात है कि उन्हें कौन अपडेट देता या कौन नहीं, यह मेरी जिम्मेदारी नहीं है।
शमी के बयान पर अगरकर ने क्या कहा
हाल ही में अगरकर NDTV के एक प्रोग्राम में पहुंचे। यहां उनसे शमी के इस बयान को लेकर सवाल किया गया। इस पर अगरकर ने कहा- अगर शमी यहां होते तो मैं उन्हें जवाब देता कि यदि वे फिट होते तो हमारे पास (टीम में) शमी जैसा गेंदबाज क्यों नहीं होता।
अगरकर ने कहा- मेरी कई बार उनसे बात हुई है। पिछले 6 से 8 महीने में हमें यही पता चला है कि वे अनफिट हैं। यदि वे अगले कुछ महीनों में फिट होते हैं तो कहानी बदल सकती है। हालांकि इंग्लैंड दौरे के समय वे फिट नहीं थे।
उन्हें जो बोलना है बोलने दो: शमी
शमी इस समय बंगाल टीम से रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं। उत्तराखंड के खिलाफ मैच के दौरान शमी से अगरकर के बयान पर सवाल पूछा गया। इस पर शमी ने दो टूक कहा- उन्हें जो बोलना है बोलने दो। आप देख ही रहे हैं कि मैं किस तरह गेंदबाजी कर रहा हूं। सबकुछ आपकी नजरों के सामने ही हो रहा है।

