अब शमी की वापसी मुश्किल: ऑस्ट्रेलिया टूर पर जगह नहीं मिली; 15 अक्टूबर को बंगाल के लिए रणजी मैच खेलेंगे
Published:
2 min read

मोहम्मद शमी ने आखिरी इंटरनेशनल मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियन ट्रॉफी में 9 मार्च 2025 खेला था। (फोटो:क्रेडिट:सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदों को एक बार फिर झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए घोषित वनडे और टी20 टीम में उनका नाम नहीं आया है। शमी ने रणजी ट्रॉफी खेलने की इच्छा जताई है, वहीं BCCI के सूत्रों का कहना है कि अब इस पेसर की टीम इंडिया में वापसी मुश्किल है।
रणजी ट्रॉफी खेलना चाहते हैं
शमी ने खुद को बंगाल की रणजी ट्रॉफी टीम के लिए उपलब्ध बताया है। बंगाल का पहला मुकाबला 15 अक्टूबर को उत्तराखंड के खिलाफ ईडन गार्डन्स, कोलकाता में खेला जाएगा। लेकिन टीम इंडिया में उनकी वापसी की राह फिलहाल काफी मुश्किल नजर आ रही है।
शमी को लेकर अपडेट नहीं
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा की गई, लेकिन उसमें शमी का नाम नहीं था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर से शमी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि उनके बारे में कोई अपडेट नहीं है।

शमी में पहले जैसी बात नहीं
BCCI के एक अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि शमी की उम्र और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए अब बोर्ड उन्हें दोबारा मौका देने को लेकर गंभीर नहीं है। अधिकारी के अनुसार, शमी अब 35 साल के हो चुके हैं और डोमेस्टिक क्रिकेट में उनका प्रदर्शन भी पहले जैसा नहीं रहा। उन्होंने दिलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए 34 ओवर में सिर्फ एक विकेट लिया और 136 रन दिए उन्होंने आगे कहा- शमी की स्पीड भी पहले जैसी नहीं दिखी। IPL खेलने के लिए भी उन्हें घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेना जरूरी है।
शमी ने खुद रणजी ट्रॉफी खेलने की इच्छा जताई है ताकि वह अपनी फिटनेस और फॉर्म दोनों को साबित कर सकें। बंगाल टीम के कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला ने बताया- करीब छह-सात दिन पहले मेरी शमी से बात हुई थी और उन्होंने कहा था कि वे रणजी खेलना चाहते हैं।

2027 ODI वर्ल्ड कप तैयारी
शमी ने पहले भी कहा है कि वे 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए खुद को तैयार कर रहे हैं। ऐसे में रणजी ट्रॉफी उनके लिए खुद को दोबारा साबित करने का आखिरी मौका साबित हो सकता है।

