शमी को टीम इंडिया ने नजरअंदाज नहीं किया: सौरव गांगुली ने कहा- घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा कर रहे हैं; ईशान किशन पर भी बोले
Published:
3 min read

ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन टीम ने दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताब जीता है। उन्होंने फाइनल में कुल 350 रन बनाए, जिसमें पहली पारी में 270 रन और दूसरी पारी में 80 रन शामिल रहे।
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर बयान दिया है। गांगुली का कहना है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शमी को नजरअंदाज नहीं किया है और वह देश के लिए काफी क्रिकेट खेल चुके हैं। शमी फिलहाल टीम इंडिया से बाहर हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से टीम इंडिया से बाहर हैं
शमी आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेले थे। भारतीय टीम ने यह टूर्नामेंट जीता था और शमी ने इसमें शानदार गेंदबाजी करते हुए 9 विकेट लिए थे। इसके बाद से वह भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन पाए हैं।
टीम से बाहर रहने के दौरान शमी ने घरेलू क्रिकेट में अपनी लय बनाए रखने की कोशिश जारी रखी। हाल ही में उन्होंने ईस्ट जोन को दलीप ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल में उन्होंने साउथ जोन के प्लेयर रविचंद्रन स्मरण और शेख रशीद को आउट किया था।

गांगुली बोले- शमी अच्छा कर रहे हैं
इंडिया टुडे से बातचीत में सौरव गांगुली ने अपने क्रिकेट के दिनों का उदाहरण देते हुए कहा- वह भी 10 हजार से ज्यादा रन बनाने के बावजूद करीब एक साल तक भारतीय टीम से बाहर रहे थे। इसके बाद उन्होंने टीम में वापसी की थी। शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अपना काम कर रहे हैं। ये नहीं पता कि इस समय शमी को भारतीय टीम में क्यों नहीं चुना जा रहा है।
2027 वर्ल्ड कप में शमी खेलेंगे या नहीं?
मोहम्मद शमी के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने को लेकर भी सौरव गांगुली से सवाल किया गया। हालांकि, उन्होंने अभी से इस बारे में कोई पक्की बात कहने से इनकार कर दिया।
वर्ल्ड कप अभी करीब एक साल दूर है, इसलिए इस समय यह कहना मुश्किल है कि शमी उसमें खेलेंगे या नहीं। उन्होंने साथ ही साफ किया कि शमी को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

गांगुली ने ईशान किशन की तारीफ की
सौरव गांगुली ने दलीप ट्रॉफी फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन की भी तारीफ की। उन्होंने उम्मीद जताई कि किशन जल्द ही टेस्ट टीम में वापसी कर सकते हैं। गांगुली ने बताया कि उन्होंने ईशान किशन से दोपहर में बात की थी।
उन्होंने किशन के प्रदर्शन को शानदार और खास बताया। गांगुली ने कहा कि हर युवा खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता है और उन्हें उम्मीद है कि किशन भी जल्द भारत के लिए टेस्ट खेलेंगे।
गांगुली ने आखिर में कहा- ईशान किशन विजय हजारे ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी के फाइनल में अच्छा खेले हैं। किशन ने आखिरी बार 2023 में भारत के लिए टेस्ट खेला था।

