जब दिलीप ट्रॉफी खेल सकते हैं तो T20 क्यों नहीं: एशिया कप से बाहर होने पर शमी का रिएक्शन, कहा- बेंगलुरु में ब्रोंको टेस्ट भी पास कर चुका
Published:
3 min read

मोहम्मद शमी ने अब तक 64 टेस्ट, 198 वनडे और 25 टी20 मैच खेले हैं। इसमें कुल 462 इंटरनेशनल विकेट लिए। (Instagram)
एशिया कप 2025 के लिए सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टी20 टीम का ऐलान पहले ही कर दिया गया है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को इसमें नहीं चुना गया। हालांकि वो दिलीप ट्रॉफी (टेस्ट फॉर्मेट) खेलते नजर आएंगे। शमी ने एशिया कप से बाहर होने को लेकर कहा कि जब दिलीप ट्रॉफी खेल सकते हैं तो T20 क्यों नहीं खेल सकते। साथ ही उन्होंने बताया कि बेंगलुरु जाकर ब्रोंको टेस्ट भी पास कर लिया है। संन्यास पर शमी ने कहा कि जिस दिन मैं बोर हो जाऊंगा उस दिन क्रिकेट छोड़ दूंगा।
एशिया कप से बाहर होने पर शमी ने न्यूज24 से कहा- “उन सब चीजों को लेकर मैं किसी को ब्लेम नहीं करता और ना ही कभी शिकायत की है। आप मुझसे बात (सिलेक्शन को लेकर) करो या ना करो, मुझे उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आपके हिसाब से मैं टीम में फिट बैठता हूं तो मुझे साथ लेकर चलो। अगर नहीं बैठता तो मुझे कोई ऐतराज नहीं, क्योंकि आपके ऊपर जो जिम्मेदारी है उसे निभाइए। आप देश के लिए बेस्ट कीजिए। मुझे खुद पर भरोसा है कि जब मौका देंगे मैं बेस्ट करुंगा।”
भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद नहीं रखता
एशिया कप के लिए उपलब्ध थे क्या? इसके जवाब में शमी ने कहा- “देखिए मेहनत तो कर रहे हैं। जब दिलीप ट्रॉफी खेल सकते हैं तो टी20 तो खेल ही सकते हैं। 5 दिन का मैच (दिलीप ट्रॉफी) खिला सकते हैं तो बाकी क्या ही सोचने की जरूरत पड़ेगी।”
टीम इंडिया में वापसी को लेकर शमी ने कहा- “मैं कोई उम्मीद नहीं रखता। मैं खुद पर विश्वास रखता हूं कि आप मुझे खिलाओगे तो मैं 100% देने की कोशिश करूंगा। खिलाना या नहीं खिलाना, मेरे हाथ में नहीं है।”
ब्रोंको टेस्ट को लेकर शमी बोले- “हमारा हो चुका है। हमारे क्लियर हो चुके हैं। मुझे बेंगलुरु बुलाया गया था। मैं क्लियर करके आ गया। अब रेडी हूं (अगले मैच के लिए) जाने के लिए।”
पाकिस्तान से मैच खेलना चाहिए या नहीं?
Yo-Yo से कितना अलग है ब्रोंको? इस पर शमी ने कहा- “हर बार नया कुछ होता है। सब अलग-अलग टेस्ट होते हैं। इनके अलावा भी फील्ड में कई सारे टेस्ट हैं। जैसे- ब्लड टेस्ट, बॉडी टेस्ट, डेक्सा… साल में फुल टेस्ट किए जाते हैं। ये बहुत अच्छी चीज है।”
एशिया कप में पाकिस्तान से मैच खेलना चाहिए या नहीं? शमी ने कहा- “मैं विवादों में तो जाता नहीं हूं, लेकिन अच्छा वही है कि जो आपकी सरकार और बोर्ड तय करता है, वो आपको करना चाहिए। खेल जज्बातों से नहीं खेला जाता। इसमें बहुत सारी चीजों शामिल होती हैं। बहुत सारी चीजें देखी जाती हैं। जब सभी एग्री होते हैं तो मैच खेला जाता है और खेलना भी चाहिए।”
भारतीय टीम पहला मैच 10 सितंबर को खेलेगी
एशिया कप इस बार 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

