शमी की बंगाल टी20 लीग में हैट्रिक: पहली बॉल पर सिक्स भी लगाया; यह फास्ट बॉलर 15 महीने से टीम इंडिया से बाहर
Published: Updated:
2 min read

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 16वें ओवर की आखिरी 3 बॉल पर शहबाज अहमद, रोहित कुमार और दीपांजन बनर्जी को आउट किया। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इस समय बंगाल टी20 लीग में शानदार खेल दिखा रहे हैं। उन्होंने इस लीग के एक मैच में हैट्रिक ली। साथ ही बैटिंग में पहली बॉल पर सिक्स भी लगाया। शमी 15 महीने से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने आखिरी मुकाबला 9 मार्च 2025 को ICC चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। शमी ने 64 टेस्ट में 229 और 108 ODI में 206 विकेट लिए। उन्होंने 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 27 विकेट लिए।
शमी ने हाल ही में IPL 2026 सीजन भी खेला, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की ओर से खेलते हुए 13 मैच में 12 विकेट लिए थे। शमी को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज में सिलेक्ट नहीं किया गया। सिलेक्शन कमेटी शमी को पूरी तरह फिट नहीं मान रही है।
बैटिंग में शमी के 2 बॉल पर 8 रन
इस वक्त शमी बंगाल टी20 लीग में सिलिगुड़ी स्ट्राइकर टीम की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने राढ़ टाइगर्स के खिलाफ यह हैट्रिक ली। इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए सिलिगुड़ी टीम ने 208 रन बनाए थे। शमी ने आखिर में 2 बॉल खेलीं, जिसमें 8 रन बनाए। पहली बॉल पर सिक्स लगाया और दूसरी पर 2 रन लिए।
16वें ओवर में शमी की हैट्रिक
209 रन के टारगेट के जवाब में राढ़ टीम ने 15 ओवर में 5 विकेट पर 154 रन बना लिए थे। यहां से टीम को जीत के लिए 30 बॉल पर 55 रन चाहिए थे। लग रहा था कि राढ़ टीम यह मैच जीत लेगी, लेकिन 16वें ओवर में शमी ने पूरी बाजी ही पलट दी।
शमी ने ओवर की आखिरी 3 बॉल पर हैट्रिक लेकर मैच अपनी ओर कर दिया। उन्होंने शहबाज अहमद, रोहित कुमार और दीपांजन बनर्जी को पवेलियन भेजा। आखिर में राढ़ टीम 9 विकेट पर 184 रन ही बना सकी और 24 रन से मैच गंवा दिया।

