क्या 4 लाख रुपए महीने पर्याप्त नहीं है: शमी की पत्नी हसीन जहां से सुप्रीम कोर्ट का सवाल; क्रिकेटर को नोटिस जारी
Published: Updated:
3 min read

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और हसीन जहां की शादी 2014 में हुई थी। उनकी एक बेटी भी है। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी का पत्नी हसीन जहां से तलाक का केस चल रहा है। तेज गेंदबाज शमी अभी हसीन जहां को बतौर गुजारा भत्ता 4 लाख रुपए महीने देते हैं। हालांकि हसीन जहां ने यह रकम बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने शमी और पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी किया है।
कोर्ट ने इस मामले में 4 हफ्ते में जवाब मांगा है। इसके बाद फिर सुनवाई होगी। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने हसीन जहां से पूछा कि पहले ही यह 4 लाख रुपए बहुत ज्यादा है और यह आपको पर्याप्त नहीं हैं क्या?
दरअसल, शमी और हसीन जहां की शादी 2014 में हुई थी। उनकी एक बेटी भी है। 2018 में दोनों के बीच विवाद हुआ और हसीन जहां ने शमी के खिलाफ मारपीट और घरेलू हिंसा के आरोप लगाते हुए केस दर्ज किया। साथ ही गुजारा भत्ता के लिए 10 लाख रुपए महीने की भी मांग की।
हसीन जहां ने दायर की थी याचिका
इसमें 7 लाख रुपए अपने लिए और बेटी की पढ़ाई के लिए 3 लाख रुपए की डिमांड थी। इस पर अलीपुर कोर्ट ने अगस्त 2018 में सुनवाई की। इसी दौरान शमी को बेटी के लिए 80 हजार और हसीन जहां के लिए 50 हजार हर महीने देने का आदेश दिया।
हसीन जहां ने कलकत्ता हाईकोर्ट में इस फैसले को चुनौती दी। हसीन ने साल 2021 की इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) को आधार बनाते हुए कहा था कि शमी की हर माह की कमाई 60 लाख रुपए है। जबकि हसीन ने अपना हर महीने का खर्च 6 लाख रुपए से ज्यादा बताया था। इस पर कोर्ट ने सुनवाई करते हुए 4 लाख रुपए महीने देने का आदेश दिया था। इसमें हर महीने 1.5 लाख रुपए हसीन और 2.5 लाख रुपए बेटी के लिए थे।
एक बेटी के पिता हैं शमी
हसीन जहां एक मॉडल और IPL में चीयरलीडर रही हैं। वे कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से जुड़ी थीं। शमी भी लीग में खेलते थे। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और प्यार परवान चढ़ा। तीन साल बाद यानी 2014 में दोनों ने शादी की। यह हसीन का दूसरा निकाह था। शमी एक साल बाद 17 जुलाई 2015 को बेटी के पिता बने।
बेटी का नाम आयरा रखा। हसीन ने प्रोफेशनल लाइफ पूरी तरह छोड़ दी थी। शमी और हसीन जहां का यह निकाह 4 साल ही चल सका। 2018 में दोनों अलग हो गए। इसी दौरान घरेलू हिंसा, मैच फिक्सिंग समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए हसीन ने केस फाइल किया। यह केस अब भी चल रहा है।

