भारत को ODI वर्ल्ड कप जिताना मेरा सपना : शमी बोले- रिटायरमेंट लेना मेरी मर्जी, सिलेक्शन हो या न हो-मेहनत करता रहूंगा
Published:
3 min read

मोहम्मद शमी ने 2023 के ODI वर्ल्ड कप में 7 मैचों में 24 विकेट लिए थे और इस टूर्नामेंट के सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। ( फाइल )
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रिटायरमेंट की अटकलों को खारिज किया है। शमी ने कहा- फिलहाल ऐसा इरादा नहीं है, जिस दिन मैं बोर हो जाऊंगा, खेलना छोड़ दूंगा। जब तक मुझे मजा आता रहेगा, खेलता रहूंगा, फिर चाहे वह इंटरनेशनल क्रिकेट हो या फिर डोमेस्टिक मैच।
हाल ही में हुई इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज में शमी खेलने का मौका नहीं मिला। सितंबर में होने वाले एशिया कप में उनका चयन नहीं हुआ है। ऐसे में शमी के क्रिकेट कॅरियर को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
आखिरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी खेली
शमी ने आखिरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी में खेला था। उनका 2025 IPL सीजन भी कुछ खास नहीं रहा, जिसके कारण टी20 में जगह मिलनी मुश्किल हो गई। हाल ही में टीम इंडिया के दो बड़े खिलाड़ियों चेतेश्वर पुजारा और रविचंद्रन अश्विन ने रिटायरमेंट ले लिया है। विराट कोहली और रोहित के टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट के बाद अब शमी को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
रिटायरमेंट मेरी मर्जी से, किसी की चाहत से नहीं
शमी ने मीडिया से कहा - अगर किसी को कोई दिक्कत है तो मुझे आकर बताइए। क्या मेरे रिटायरमेंट से उनकी जिंदगी बेहतर हो जाएगी? मुझे किसी की जिंदगी का सहारा नहीं बनना है कि वो चाहते हैं मैं रिटायर हो जाऊं। जब मैं खेल से बोर हो जाऊंगा, तभी खेलना छोड़ूंगा। आप मुझे सिलेक्ट नहीं करते हैं तो ठीक है, मैं कड़ी मेहनत करूंगा। आप मुझे इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए नहीं चुनेंगे, तो मैं डोमेस्टिक क्रिकेट खेलूंगा। मैं कहीं न कहीं खेलता रहूंगा। ये सब फैसले तभी लेने चाहिए जब बोरियत हो, लेकिन अभी ऐसा समय नहीं है।
मेरा एक ही सपना है, वो है ODI वर्ल्ड कप जीतना
शमी ने मीडिया से कहा मेरा एकमात्र सपना ODI वर्ल्ड कप जीतना। मैं उस टीम का हिस्सा बनना चाहता हूं, जो ODI वर्ल्ड कप जीतकर देश को ट्रॉफी दिलाए। हम 2023 में बहुत ही करीब थे। हालांकि नॉकआउट मैच में थोड़ा डर था। फैंस के उत्साह और विश्वास ने हमें मोटिवेट किया। सपना पूरा हो सकता था, लेकिन शायद मेरी किस्मत में नहीं था।
मोहम्मद शमी ने 6 जनवरी 2013 को पाकिस्तान के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू किया था। शमी ने 64 टेस्ट, 108 ODI और 25 टी20 मैच में कुल 462 विकेट लिए हैं। शमी ने आखिरी बार टीम के लिए मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।

