शमी की एक ना और टीम से हो गए बाहर: दो साल से टेस्ट नहीं खेले; गांगुली बोले- ये वही शमी हैं, जिन्हें हम जानते हैं
Published: Updated:
2 min read

टीम इंडिया के फास्ट बॉलर मोहम्मद शमी मार्च 2025 के बाद से लिमिटेड ओवर्स के क्रिकेट से भी दूर हैं। (@PTI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इन दिनों भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उनकी एक ना भारी पड़ रही है। यह बात भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के ही सूत्र ने बताया है। इसी बीच पूर्व BCCI प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने शमी का सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा कि शमी पूरी तरह फिट हैं, उन्हें टीम में लेना चाहिए।
दरअसल, शमी चोट के कारण 2023 वर्ल्ड कप के बाद टीम से बाहर हुए थे। इसी के बाद से उन्होंने टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है। मार्च 2025 के बाद से लिमिटेड ओवर्स के क्रिकेट से भी दूर हैं। हाल ही में शमी ने खुद मीडिया के सामने कहा था कि वे फिट हैं और सिलेक्टर्स ने उनसे कोई सम्पर्क नहीं किया है।
BCCI शमी को इंग्लैंड दौरे पर भेजना चाहती थी
इस पर BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने कहा- सिलेक्टर्स और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के सपोर्ट स्टाफ ने कई बार शमी से कॉन्टेक्ट किया है। इसी साल इंग्लैंड दौरे पर जब बुमराह को 5 में से 3 ही टेस्ट खेलने थे, तब शमी को खिलाने का प्लान था। भला कोई ऐसे बड़े प्लेयर को बाहर क्यों बैठाएगा।
ऐसे में जो यह कहा जा रहा है कि शमी से कॉन्टेक्ट नहीं किया, यह पूरी तरह सही नहीं है। स्पोर्ट्स साइंस टीम के पास उनकी मेडिकल रिपोर्ट भी है। अब देखना है कि वे इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए फिट हैं या नहीं।
सिलेक्टर्स और शमी के बीच बात चल रही होगी
सूत्र ने बताया है कि इंग्लैंड दौरे पर खिलाने के लिए जब शमी से कॉन्टेक्ट किया गया, तो उन्होंने मना कर दिया था। शमी ने कहा था कि वे उपलब्ध नहीं रहेंगे, क्योंकि अपना वर्कलोड मैनेज कर रहे हैं। गांगुली ने सपोर्ट में कहा- मुझे पूरा विश्वास है कि सिलेक्टर्स देख रहे होंगे।
उनके और शमी के बीच बात भी चल रही होगी। यदि आप फिटनेस और स्किल्स को लेकर मुझसे पूछेंगे तो यह वही शमी है, जिसे हम सब जानते हैं। मुझे कोई कारण नहीं दिखता कि क्यों वे टेस्ट, वनडे और टी20 नहीं खेल रहे हैं।

