PCB का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं करेंगे रिजवान: ODI कप्तानी छीने जाने से नाराज, कहा- मुझे बिना बताए फैसला कैसे लिया
Published:
2 min read

पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट में नया विवाद शुरू हो गया है। टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का नया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट साइन करने से इनकार कर दिया है। दरअसल, रिजवान को यह बात पसंद नहीं आई कि उन्हें ODI टीम की कप्तानी से हटा दिया गया और कॉन्ट्रैक्ट में भी उनकी कैटेगरी डाउन कर दी गई।
PCB की हरकत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- PCB ने हाल ही में 2025-26 के लिए सभी खिलाड़ियों को नए कॉन्ट्रैक्ट दिए हैं। पहले जो खिलाड़ी कैटेगरी A में थे, जैसे रिजवान, बाबर आजम और शाहीन अफरीदी उन्हें अब कैटेगरी B में डाल दिया गया है। यानी, पहले जो खिलाड़ी अपर कैटेगरी में थे, अब उन्हें लोअर कैटेगरी में ट्रांसफर कर दिया गया है। इसी बात से रिजवान नाराज हो गए। उन्हें ODI टीम की कप्तानी से भी हटा दिया गया और उनकी जगह शाहीन शाह अफरीदी को कप्तान बना दिया गया।रिजवान ने कहा- मुझे बिना बताए यह फैसला लिया है। मैं इस हरकत से दुखी हूं।
रिजवान ने PCB के सामने दो मांग रखीं
1. कैटेगरी A को वापस लाया जाए। सीनियर और अच्छा परफॉर्मेंस करने वाले खिलाड़ियों को एक ही और अपर कैटेगरी में रखा जाए।
2. नए कप्तान को पूरा अधिकार और एक तय वक्त दिया जाए, ताकि वो बिना बोर्ड की दखलअंदाजी के अपनी योजना पर काम कर सके।
रिजवान ने कहा- जब तक ये दो बातें नहीं मानी जातीं, मैं बोर्ड का कोई कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं करूंगा।

क्यों बढ़ा विवाद
PCB के इस फैसले से कई फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स नाराज हैं।
रिजवान पाकिस्तान के लिए पिछले कुछ साल में सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज, कप्तान और विकेटकीपर रहे हैं। उन्हें कप्तानी से हटाना और कॉन्ट्रैक्ट में नीचे करना, उनकी तौहीन और बेइज्जती जैसा है। कुछ लोगों का कहना है कि PCB का यह कदम खिलाड़ियों पर दबाव बनाने का तरीका है।PCB चाहे तो बातचीत से मामला सुलझा सकता है, वरना टीम के माहौल पर इसका असर पड़ सकता है। पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैच की T20I सीरीज खेली जा रही है। पाकिस्तान पहला मैच हार चुका है। रिजवान टीम का हिस्सा नहीं हैं।

