रिजवान का ODI करियर खतरे में: दावा- ऑस्ट्रेलिया सीरीज और 2027 वर्ल्ड कप प्लान से बाहर; अब तक 103 वनडे मैच खेले
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान मैदान पर अपनी अदाकारी और नखरों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। कभी रन बनाते समय फेक इंजरी का सहारा लेते दिखते हैं तो कभी साइडस्क्रीन की वजह से मैच रुकवा देते हैं। अब वही रिजवान पाकिस्तान की वनडे टीम में अपनी जगह को लेकर सवालों के घेरे में आ गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज और 2027 वर्ल्ड कप प्लान में रिजवान को शामिल नहीं किया जा रहा है।
व्हाइट बॉल क्रिकेट में टीम के कोच माइक हेसन और कप्तान शाहीन शाह अफरीदी के साथ मिलकर सिलेक्शन कमेटी नई वनडे टीम तैयार कर रही है। इसी दौरान रिजवान की जगह को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
T20 सेटअप से बाहर
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हेसन पहले ही T20 सेटअप से रिजवान को बाहर रखने के पक्ष में थे। अब वनडे टीम में भी बदलाव चाहते हैं। अगले साल जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2027 के प्लान में भी रिजवान फिट नहीं बैठ रहे।

103 वनडे मैच
33 साल के रिजवान ने पाकिस्तान के लिए 103 वनडे मैच खेले हैं। उन्होंने 40.08 की एवरेज से 2979 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 19 फिफ्टी शामिल हैं। विकेटकीपिंग में उन्होंने 113 कैच और 7 स्टंपिंग की हैं।
मार्च 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में रिजवान सिर्फ 58 रन ही बना सके थे। इसके बाद टीम मैनेजमेंट नए ऑप्शन पर फोकस कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अनकैप्ड बैटर गाजी घोरी को टीम में बनाए रखा जा सकता है। वहीं, दूसरे विकेटकीपर के तौर पर उस्मान खान और मिर्जा साद बेग के नाम पर बात हो रही है।
वनडे सीरीज 30 मई से
ऑस्ट्रेलिया 23 मई को पाकिस्तान पहुंचेगी। पाकिस्तान टीम 22 मई से रावलपिंडी में ट्रेनिंग शुरू करेगी। दोनों टीमों के बीच 3 वनडे की सीरीज होगी। सभी मैच 30 मई, 2 जून और 4 जून को खेले जाएंगे।

