जुरेल को संजू से ज्यादा तवज्जो देना गलत: मोहम्मद कैफ बोले- संजू की हिटिंग सबसे अलग
Published:
3 min read

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए ध्रुव जुरेल को टीम इंडिया में शामिल किया गया है। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। विकेटकीपर संजू सैमसन को टीम से बाहर रखने के फैसले ने कई लोगों को हैरान कर दिया है। इस पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने सिलेक्शन कमेटी और खासकर चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर पर निशाना साधा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि संजू की जगह ध्रुव जुरेल को तवज्जो देना गलत फैसला है।
जुरेल अच्छे, लेकिन संजू ज्यादा बेहतर
कैफ ने एक इंटरव्यू में कहा- ध्रुव जुरेल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार शतक लगाया। वो टेक्नीकली साउंड हैं। फ्यूचर में टीम इंडिया के लिए मैच विनर बना सकते हैं। हालांकि, सैमसन को बाहर करना सही नहीं है। वो नंबर 5 या 6 पर अच्छे मैच फिनिशर बन सकते है।

संजू की हिटिंग एबिलिटी अलग
कैफ ने आगे कहा - सैमसन स्पिनर्स के खिलाफ बड़ी आसानी से रन बना सकते हैं। उनका टी20 और वनडे में स्ट्राइक रेट भी अच्छा है। IPL में उन्होंने राजस्थान को काफी मैच जिताए हैं। ऐसे में अगर वो ऑस्ट्रेलिया जाते तो वहां की पिचों पर वे लेग स्पिनर एडम जाम्पा जैसे गेंदबाजों को बड़े शॉट्स लगा सकते हैं।
टीम इंडिया में होने के हकदार
कैफ ने कहा- टीम सिलेक्शन में सिर्फ करंट फॉर्म को देखा जा रहा है। अभी हम सिर्फ इस बात पर फोकस कर रहे हैं कि हाल में किसने अच्छा खेला है। इसी चक्कर में हम संजू जैसे प्लेयर को भूल जाते हैं, जो लगातार अच्छा परफॉर्मेंस करते आ रहे हैं और टीम में होने के हकदार हैं।

बैटिंग ऑर्डर एडजस्टमेंट पर क्या बोले संजू
पिछले दिनों एक अवार्ड सेरेमनी के दौरान संजू से कई सवाल हुए थे। उनसे बैटिंग ऑर्डर में बार-बार हो रहे बदलाव से जुड़ा सवाल हुआ तो संजू ने कहा- अगर आप चाहें तो मैं किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर सकता हूं। मैं 9वें नंबर पर भी खेल सकता हूं। लेफ्ट आर्म स्पिन कर सकता हूं। देश के लिए कोई भी काम हो, कुछ भी करने के लिए तैयार हूं। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। जब भारतीय टीम की जर्सी पहनी है तो किसी भी काम के लिए ‘न’ नहीं कहा जा सकता।

एशिया कप में बैटिंग ऑर्डर चेंज हुआ था
एशिया कप 2025 में बैटिंग पोजिशन में बदलाव के कारण तीन मैच में संजू को बैटिंग करने का मौका ही नहीं मिला। 4 मैच में बल्लेबाजी करने का मौका मिला। इसमें उन्होंने 56, 13, 39 और 24 रन की पारी खेली। फाइनल मैच में पाकिस्तान के खिलाफ तिलक वर्मा के साथ फिफ्टी रन की पार्टनरशिप कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI टीम का हिस्सा नहीं संजू
19 अक्टूबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 ODI और 5 टी20 मैच की सीरीज खेली जानी है। टीम का ऐलान हो चुका है, लेकिन संजू को ODI टीम में शामिल नहीं किया गया है। संजू को केवल टी20 की टीम में ही शामिल किया गया है। ODI में ध्रुव जुरेल को बैकअप विकेटकीपर के रूप में चुना गया। मेन विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल को टीम में शामिल किया गया। सैमसन ने 16 ODI में 510 रन बनाए हैं। इनमें 3 हाफ सेंचुरी और 1 सेंचुरी शामिल है।

