टेस्ट से रिटायरमेंट ले सकते हैं बुमराह: मोहम्मद कैफ बोले- धीमी गेंदबाजी कर रहे, विकेट भी नहीं ले पा रहे
Published:
3 min read

जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते इस सीरीज में सिर्फ तीन मुकाबले खेलने थे। उन्होंने इन मैचों में कुल 13 विकेट लिए हैं। (फाइल फोटो)
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने दावा किया है कि जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने पर विचार कर सकते हैं। कैफ ने कहा, बुमराह फिजिकल अनफिट हैं, यह उनके परफॉर्मेंस में प्रॉब्लम बन रहा है। वे धीमी गेंदबाजी कर रहे हैं और विकेट भी नहीं ले पा रहे हैं।
कैफ ने सोशल मीडिया X पर एक वीडियो शेयर कर कहा, बुमराह लंबे समय से टीम इंडिया के लिए गेंदबाजी कर रहे हैं, वह मैनचेस्टर में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में अपना बेस्ट नहीं दे पा रहे हैं, जिससे उनकी फिटनेस और फ्यूचर को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बुमराह की फिजिकल कंडीशन को लेकर उठे सवाल
दरअसल, इंग्लैंड टूर की शुरुआत में बुमराह ने अच्छा परफॉर्म किया था, लेकिन चौथे टेस्ट तक आते आते उनकी फॉर्म गिरती हुई दिख रही है। इतना ही नहीं चौथे मैच में उन्होंने सिर्फ एक गेंद 140 KM/hr की रफ्तार से फेंकी। मैनचेस्टर के आखिरी सेशन में उन्हें मैदान भी छोड़ना पड़ा। इसके बाद उनकी फिजिकल कंडीशन को लेकर अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, भारतीय टीम के बॉलिंग कोच ने कहा कि बुमराह चोटिल नहीं हैं।
बुमराह शायद आने वाले टेस्ट मैच में न खेलें- कैफ
कैफ ने कहा, बुमराह टेस्ट क्रिकेट से दूर जा सकते हैं। मुझे लगता है कि बुमराह शायद आने वाले टेस्ट मैचों में खेलते नजर न आएं, और वे संन्यास भी ले सकते हैं। वे अपने शरीर के साथ जूझ रहे हैं, धीमी गेंदबाजी कर रहे हैं और इस टेस्ट मैच में उनकी स्पीड नजर नहीं आई।
कैफ ने मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान बुमराह की कम रफ्तार को चिंता की वजह बताया। उन्होंने कहा- वे आत्मनिर्भर इंसान हैं। अगर उन्हें लगेगा कि वे पूरे सौ फीसदी नहीं दे पा रहे हैं, देश के लिए मैच नहीं जिता पा रहे हैं, विकेट नहीं ले पा रहे हैं, तो वे खुद ही इंकार कर देंगे। ये मेरा आंतरिक अनुभव है।
कैफ ने फैन्स से कहा - वे एक ऐसे टेस्ट भविष्य के लिए तैयार रहें, जिसमें बुमराह न दिखें। पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा गए, अश्विन भी नहीं हैं। अब शायद बुमराह भी। मुझे लगता है आपको टेस्ट मैच बुमराह के बिना देखने की आदत डालनी होगी। मैंने जो देखा, इस टेस्ट में वे बिल्कुल इंजॉय नहीं कर रहे हैं। दुआ करता हूं कि जो मैं बोल रहा हूं, मेरी आशंका गलत हो।
चोट से जूझते रहे हैं बुमराह
इंटरनेशनल करियर में बुमराह बार-बार चोट से जूझते रहे हैं। इसका एक बड़ा कारण उनकी अनोखी गेंदबाजी ऐक्शन है, जिसमें बहुत कम रन-अप है और यह पीठ पर काफी प्रेशर डालता है। क्रिकेट कैलेंडर इतना बिजी है कि खिलाड़ियों को रिकवर होने के लिए कम समय मिलता है। ऐसे में इतनी बॉडी डिमांड वाले ऐक्शन का असर साफ दिखता है।

