हर्षित राणा की गेंदबाजी में सिराज और बुमराह जैसी बात नहीं: मोहम्मद कैफ ने क्यों कही यह बात? आकाश चोपड़ा ने किया पेसर का बचाव
Published: Updated:
3 min read

हर्षित राणा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे में 8 ओवर में 59 रन खर्च किए थे। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने दो विकेट लिए, लेकिन उन्होंने 59 रन भी दिए। इसी प्रदर्शन पर पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा कि राणा के पास कोई ‘स्ट्रेंथ डिलीवरी’ नहीं है। यानी ऐसी कोई खास गेंद नहीं है जिससे वह बल्लेबाजों को डराए। वहीं, पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने राणा का बचाव करते हुए कहा कि खिलाड़ी को बेवजह ट्रोल करना ठीक नहीं है।
राणा के पास कोई स्ट्रेंथ डिलीवरी नहीं
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- मैं हर्षित राणा को काफी समय से देख रहा हूं, लेकिन उनके पास कोई ‘स्ट्रेंथ डिलीवरी’ नहीं है। उनके पास शानदार आउटस्विंग या इनस्विंग नहीं है। अगर हम मोहम्मद सिराज या जसप्रीत बुमराह की बात करें तो उनकी अपनी-अपनी खासियत है। किसी की ताकत यॉर्कर है, तो किसी की फास्ट या स्लोअर गेंद से मैच का रुख अपनी जगह कर सके। राणा के पास ऐसा कुछ नहीं दिखता।
कैफ ने कहा- बैटर तेजी से रन बनाने की कोशिश करें, तब हर्षित राणा असरदार हो सकते हैं क्योंकि उनकी स्ट्रेंथ गेंद की रफ्तार बदलना है। लेकिन जब बल्लेबाज धीरे-धीरे खेल रहे हों, जैसे टेस्ट स्टाइल में, तब राणा के पास उन्हें चकमा देने के लिए ज्यादा हथियार नहीं हैं। कैफ का मानना था कि राणा और नीतीश रेड्डी दोनों को साथ खिलाना सही नहीं है और कुलदीप यादव को बाहर बैठाना गलत बात है।

आकाश ने राणा का सपोर्ट किया
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने हर्षित राणा के बचाव में बात की। उन्होंने कहा कि राणा को आलोचना का शिकार बनाना गलत है। वो खुद टीम में आने की मांग नहीं कर रहे। सिलेक्टर ने मौका दिया, तो वो खेल रहे हैं। अगर उन्हें लेकर नाराजगी है, तो वह टीम मैनेजमेंट से होनी चाहिए, खिलाड़ी से नहीं। चोपड़ा ने यह भी बताया कि अभी भारत के पास लिमिटेड गेंदबाज हैं। अगर देखें तो बुमराह, सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और आकाशदीप हैं। मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार फिलहाल टीम में नहीं हैं।

क्लीन स्वीप से बचने की कोशिश करेगा भारत
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भारत पहले ही गंवा चुका है। वह 0-2 से पीछे है। अब तीसरा मुकाबला सिडनी में है। 25 अक्टूबर को होने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया क्लीन स्वीप से बचने की कोशिश करेगी। संभव है कि भारत की प्लेइंग-11 में भी कुछ बदलाव नजर आएं।

