रोहित 2027 वर्ल्ड कप के बाद रिटायरमेंट ले लेंगे: कैफ ने कहा- गिल को मिलेगी तीनों फॉर्मेट की कप्तानी, सूर्या भी यंग नहीं
Published:
2 min read

रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले लिया है। वे अब भी वनडे खेल रहे हैं। (BCCI)
एशिया कप 2025 के लिए सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में होगा। इसमें शुभमन गिल को भारतीय टीम की उपकप्तानी सौंपी गई है। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा कि रोहित शर्मा 2027 वनडे वर्ल्ड कप के बाद रिटायरमेंट ले लेंगे।
तब शुभमन गिल को तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) की कप्तानी सौंपी जाएगी। कैफ ने कहा कि टी20 के कप्तान 34 साल के सूर्या भी यंग नहीं है। ऐसे में 26 साल के गिल बेहतर ऑप्शन हैं।
सिलेक्टर्स तीनों फॉर्मेट में गिल को कमान दे सकते हैं
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- “शुभमन गिल भविष्य के कप्तान हैं। उन्हें टेस्ट में कप्तानी मिल गई है। एशिया कप (टी20 फॉर्मेट) उपकप्तान हैं। रोहित शर्मा वनडे टीम के कप्तान हैं। रोहित अभी 38 साल के हैं। मेरा ऐसा मानना है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप के बाद वो रिटायरमेंट ले लेंगे। इसका मतलब है कि गिल वहां भी कप्तान बन जाएंगे।”
उन्होंने कहा- “टी20 के कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं। उन पर बहुत कम लोगों ने बात की है। मेरा मानना है कि उन पर भी बहुत दबाव है। वे 33-34 साल के हो रहे हैं। 2026 के बाद अगला टी20 वर्ल्ड कप 2028 में होगा। तीन साल का गैप है।”
“ऐसे में वो कितना फिट रहेंगे और कितना उनका बल्ला चलेगा। ये सारी बातचीत होगी। ऐसे में गिल को टी20 फॉर्मेट के लिए भी उपकप्तान बनाकर पुश किया गया। सिलेक्टर्स को लगने लगा है कि अब तीनों फॉर्मेट में गिल को कमान दे दी जाए।”
9 सितंबर को होगा एशिया कप का आगाज
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

