19 साल बाद IPL में खेल सकता है कोई पाकिस्तानी : मो. आमिर को ब्रिटिश सिटिजनशिप; पत्नी यहीं की नागरिक हैं
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व पेसर मोहम्मद आमिर को ब्रिटेन की नागरिकता मिल गई है। बुधवार को कई मीडिया रिपोर्ट्स में इसका दावा किया गया। आमिर की शरीक-ए-हयात यानी पत्नी नर्गिस खान ब्रिटिश नागरिक ही हैं। लिहाजा, आमिर को इस आधार पर यहां की सिटिजनशिप मिल गई है। आमिर ने कुछ दिन पहले कहा था कि अगर वो ब्रिटेन शिफ्ट हो जाते हैं और उन्हें IPL खेलने का मौका मिलता है तो इसके लिए वो कुछ भी करने को तैयार हैं।

जिंदगी बदल जाएगी
पाकिस्तान के न्यूज चैनल ‘समा टीवी’ से बातचीत में आमिर ने कहा- मैं जानता हूं कि अब मेरी जिंदगी बदल सकती है। अब भी मैं काफी क्रिकेट खेल सकता हूं। आमिर को ब्रिटिश पासपोर्ट हासिल हो चुका है। इसका मतलब ये हुआ कि वो अब ब्रिटिश नागरिक हैं।

दो बार रिटायरमेंट से वापस आए
मैच फिक्सिंग में ब्रिटेन में ही जेल भुगत चुके आमिर को सोशल मीडिया पर आज भी ट्रोल किया जाता है। दो साल पहले उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। इसके बाद एशिया कप से उनकी वापसी हुई। हालांकि, उन्होंने फिर पाकिस्तान की तरफ से खेलने से इनकार कर दिया।
आमिर, IPL छोड़कर दुनिया की हर फ्रेंचाइजी लीग क्रिकेट में खेलते हैं। भारत की लीग में पाकिस्तान खिलाड़ी एक तरह से बैन हैं। लिहाजा, पहले सीजन यानी 2008 के बाद कोई पाकिस्तानी यहां बतौर प्लेयर नहीं खेल सका।

IPL में एंट्री कैसे मुमकिन
अगर आमिर IPL खेलना चाहते हैं तो अब उनके लिए यह मुश्किल नहीं होगा। इसके लिए उन्हें बतौर ओवरसीज प्लेयर और नॉन पाकिस्तानी प्लेयर के तौर पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

