MLC 2026: दासुन शनाका की आखिरी ओवर में हैट्रिक, 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर सिएटल ओरकास को दिलाई जीत
Published:
2 min read

श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका ने मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में पहली हैट्रिक ली।
स्पोर्ट्स डेस्क. मेजर लीग क्रिकेट 2026 में सिएटल ओरकास के ऑलराउंडर दासुन शनाका ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। टेक्सस सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लिए। इसी दौरान शनाका ने अपने टी20 करियर की पहली हैट्रिक भी पूरी की और टीम को 9 रन से जीत दिलाई।
4 गेंदों में 10 रन चाहिए थे
122 रन के टारगेट का पीछा कर रही टेक्सस सुपर किंग्स की टीम अच्छी स्थिति में थी। आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। सिएटल के कप्तान मार्कस स्टोइनिस ने गेंद दासुन शनाका को सौंपी। पहली गेंद पर शुभम रंजने ने चौका लगाया, जबकि दूसरी गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक डोनोवन फरेरा को दे दी। अब टीम को चार गेंदों में सिर्फ 10 रन चाहिए थे और उसके पांच विकेट बाकी थे।
शनाका ने पलट दी बाजी
तीसरी गेंद पर शनाका ने डोनोवन फरेरा को बोल्ड कर दिया। अगली गेंद पर काल्विन सावेज कैच आउट हो गए और लगातार दूसरा विकेट गिर गया। अब शनाका हैट्रिक पर थे। नए बैटर एडम मिल्ने क्रीज पर आए, लेकिन वह भी अगली ही गेंद पर विकेटकीपर टिम साइफर्ट के हाथों कैच आउट हो गए। इसके साथ ही शनाका ने अपने टी20 करियर की पहली हैट्रिक पूरी कर ली।

आखिरी गेंद पर भी मिला विकेट
हैट्रिक के बाद भी शनाका नहीं रुके। पारी की आखिरी गेंद पर उन्होंने अम्सी डि सिल्वा को आउट कर लगातार चौथा विकेट अपने नाम किया। इस तरह उन्होंने अंतिम चार गेंदों पर चार विकेट लेकर मैच सिएटल ओरकास को जीता दिया।

इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार 4 बॉल पर 4 विकेट
- लसिथ मलिंगा (श्रीलंका) 2007 (ODI), 2019 (T20I)
- कर्टिस कैम्फर (आयरलैंड) 2021 (T20I)
- राशिद खान (अफगानिस्तान) 2019 (T20I)
- जेसन होल्डर (वेस्टइंडीज) 2022 (T20I)
सिएटल ओरकास ने 9 रन से जीता मुकाबला
पहले बल्लेबाजी करते हुए सिएटल ओरकास ने 20 ओवर में 121/9 का स्कोर बनाए। जवाब में टेक्सस सुपर किंग्स की टीम 112/9 तक ही पहुंच सकी और 9 रन से मुकाबला हार गई। दासुन शनाका ने चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट लिए।

