स्टार्क ने तोड़ा अकरम का वर्ल्ड रिकॉर्ड: सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले लेफ्ट आर्म पेसर बने, पिंक बॉल टेस्ट में रचा इतिहास
Published: Updated:
3 min read

मिचेल स्टार्क इस समय एशेज सीरीज खेल रहे हैं। उन्होंने पर्थ टेस्ट मैच में कुल 10 विकेट झटके थे।
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। वे सबसे ज्यादा 415 टेस्ट विकेट लेने वाले लेफ्ट आर्म पेसर बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। स्टार्क ने एशेज सीरीज के पिंक बॉल टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की है।
स्टार्क ने यह उपलब्धि सिर्फ 102 टेस्ट में हासिल की, जबकि अकरम ने 104 टेस्ट में 414 विकेट लिए थे। इसके अलावा पिंक बॉल टेस्ट क्रिकेट में भी स्टार्क ने एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है।
वसीम अकरम का टेस्ट करियर
वसीम अकरम ने पाकिस्तान के लिए 1985 से 2002 के बीच 104 टेस्ट मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 23.62 की औसत से 414 विकेट हासिल किए थे। उनके नाम 5 बार 10 विकेट (टेस्ट में), 25 बार 5 विकेट (पारी में) लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। 119 रन देकर 7 विकेट उनका बेस्ट परफॉर्मेंस रहा।
मिचेल स्टार्क का टेस्ट सफर
स्टार्क ने 2011 में टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद से अब तक 102* टेस्ट में 415 विकेट लिए हैं। इस दौरान एवरेज 26.56 का रहा। स्टार्क 3 बार 10 विकेट (टेस्ट में), 17 बार 5 विकेट (पारी में) ले चुके हैं। एक पारी में 58 रन देकर 7 विकेट उनका बेस्ट परफॉर्मेंस है, जो उन्होंने पिछले ही टेस्ट में किया था।

ऑस्ट्रेलिया में जो रूट का पहला टेस्ट शतक
ब्रिस्बेन में खेले जा रहे एशेज के दूसरे टेस्ट के पहले दिन जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला और टेस्ट करियर का 40वां शतक लगाया। रूट 135 रन पर नॉटआउट रहे, जबकि टीम ने 9 विकेट पर 325 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉली ने 76 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। डे-नाइट टेस्ट में यह स्टार्क का छठी बार 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी रहा।
इसके अलावा स्टार्क ने पिंक बॉल टेस्ट में भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वे पिंक बॉल टेस्ट में किसी एक टीम के खिलाफ 20 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले बॉलर बन गए हैं। इस मामले में दूसरा नंबर भी स्टार्क का ही है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 17 विकेट लिए हैं।
टेस्ट क्रिकेट के टॉप विकेट टेकर
श्रीलंका के दिग्गज ऑफ-स्पिनर मुथैया मुरलीधरन टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस पूर्व प्लेयर ने 230 टेस्ट पारियों में 800 विकेट लिए। टेस्ट में उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 9/51 है।
मुरलीधरन 534 विकेट के साथ ODI में भी सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व लेग स्पिनर शेन वॉर्न 708 टेस्ट विकेट के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं।

