मिशेल स्टार्क ने लिया T20I से रिटायरमेंट: टेस्ट-वनडे खेलना जारी रखेंगे, अगले साल टी20 वर्ल्ड कप 2026 होना है
Published:
3 min read

मिशेल स्टार्क ऑस्ट्रेलिया के लिए T20I में दूसरे सबसे ज्यादा 79 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया है। उन्होंने टेस्ट और वनडे क्रिकेट पर फोकस करने के लिए यह फैसला किया है। स्टार्क खुद को 2027 में आने वाले ODI वर्ल्ड कप के लिए फिट रखना चाहते हैं। स्टार्क ने आखिरी टी20 मुकाबला जून 2024 में खेला था। यह टीम इंडिया के खिलाफ वर्ल्ड कप का मैच था।
अगला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होना है। 35 साल के स्टार्क ने इससे 6 महीने पहले ही रिटायरमेंट ले लिया। स्टार्क ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाज।
स्टार्क का टी20 कॅरियर
मिशेल ने 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। उन्होंने 65 मैच में 79 विकेट लिए हैं। उनका बेस्ट बॉलिंग स्पेल 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 रन देकर 4 विकेट लेना रहा। स्टार्क 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे थे।
स्टार्क ने कहा - मैंने ऑस्ट्रेलिया के लिए हर टी20 मैच का मजा लिया है, खासकर 2021 का टी20 वर्ल्ड कप की जीत यादगार रही।
ODI और टेस्ट पर फोकस करना
स्टार्क ने कहा - टेस्ट क्रिकेट हमेशा मेरी पहली च्वाइस रही है। 2026 के मिड से ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट शेड्यूल बहुत ही बिजी है, जिसमें बांग्लादेश के साथ होम सीरीज, साउथ अफ्रीका का दौरा और न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज भी होगी। आने वाली इंडिया सीरीज, एशेज और 2027 वर्ल्ड कप को देखते हुए मुझे लगता है कि फिटनेस बरकरार रखने के लिए यह टी20 फॉर्मेट छोड़ने का सही समय है।
जॉर्ज बेली ने की स्टार्क की तारीफ
ऑस्ट्रेलियाई सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन जॉर्ज बेली ने कहा - मिशेल को अपने टी20 कॅरियर पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने 2021 टी20 वर्ल्ड कप में अहम भूमिका निभाई और मुश्किल समय में टीम को कई बार जीत दिलाई। हम सही समय पर उनके टी20 कॅरियर का सेलिब्रेशन करेंगे। हमारे लिए खुशी की बात है कि वह टेस्ट और ODI में खेलना जारी रखेंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 टी20 सीरीज
ऑस्ट्रेलिया अक्टूबर 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा। यह सभी मैच माउंट माउंगानुई माउंट माउनगनुई के मैदान पर होंगे और टीम की कमान मिशेल मार्श के हाथ में होगी।
ऑस्ट्रेलिया Vs न्यूजीलैंड टी20 सीरीज
पहला मैच: 1 अक्टूबर 2025
दूसरा मैच: 3 अक्टूबर 2025
तीसरा मैच: 4 अक्टूबर 2025

