कॉमनवेल्थ में 100% एफर्ट नहीं लगाएंगी मीराबाई: कहा- पूरा फोकस एशियन गेम्स पर, 90kg वजन नहीं उठाएंगी
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय वेटलिफ्टर और टोक्यो ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई चानू (Mirabai Chanu) ने कहा है कि वह कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) 2026 में मेडल के लिए 100% एफर्ट नहीं लगाएंगी। उन्होंने क्लियर कर दिया है कि अब उनका फोकस सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स पर है। इसी वजह से वह ग्लास्गो में 90 किग्रा स्नैच का अटेम्प्ट (वजन उठाना) भी नहीं करेंगी।
एशियन गेम्स में 90 किग्रा वजन जरूर उठाएंगी
अपने फैसले की वजह बताते हुए मीराबाई ने कहा- 'मैं कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना पूरा एफर्ट नहीं लगाउंगी। मेरा फोकस एशियन गेम्स पर है। इसके लिए टाइम भी कम है। मेरी पूरी ट्रेनिंग उसी प्लान के हिसाब से चल रही है। इसलिए यहां मेरा परफॉर्मेंस और एफर्ट भी उसी प्लान पर डिपेंड करेगा। मैं एशियन गेम्स में 90 किलो स्नैच का अटेम्प्ट जरूर करूंगी।’
53 किलो कैटेगरी में जाएंगी
मीराबाई ने बताया कि एशियन गेम्स के बाद वह 53 किलो वेट कैटेगरी में शिफ्ट हो जाएंगी। कॉमनवेल्थ गेम्स में वह 48 किलो और एशियन गेम्स में 49 किलो कैटेगरी में उतरेंगी। इसके बाद 53 किलो कैटेगरी में खेलेंगी।
वेट कंट्रोल करना सबसे मुश्किल
मीराबाई ने कहा कि कई साल से 48 या 49 किलो वेट बनाए रखना आसान नहीं है। उन्होंने कहा- वेट मैनेजमेंट बहुत मुश्किल होता है। खिलाड़ी की आधी जिंदगी इसी में निकल जाती है। अब 53 किलो कैटेगरी में जाने से काफी राहत मिलेगी। हालांकि, वहां कॉम्पिटिशन ज्यादा होगा, इसलिए मुझे अपना परफॉर्मेंस भी बेहतर करना होगा।

डोपिंग पर सलाह
भारत का कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) वेटलिफ्टिंग कोटा कम होने पर मीराबाई ने कहा कि सभी खिलाड़ियों को अपने खाने-पीने का खास ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा- एक गलत चीज आपकी पूरी जिंदगी खराब कर सकती है। इसलिए हमेशा सावधान रहें और अपनी हार्ड वर्क पर भरोसा रखें।

