मुंह ढककर बहस करना पड़ा भारी: पैराग्वे के मिगुएल अल्मीरोन को मिला रेड कार्ड; FIFA WC 2026 के नए नियम का पहला मामला
Published: Updated:
3 min read

रेफरी इवान बार्टन ने पैराग्वे के मिगुएल अल्मिरोन को रेड कार्ड दिखाया। इस प्लेयर ने तुर्किये के खिलाफ मैच में बहस के दौरान मुंह ढककर कुछ कहा था।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पैराग्वे के मिडफील्डर मिगुएल अल्मिरोन (Miguel Almiron) एक नए नियम के तहत रेड कार्ड पाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। तुर्किये के खिलाफ मैच के दौरान उन्होंने बहस करते समय अपना मुंह ढक लिया था, जिसके बाद VAR की मदद से रेफरी ने उन्हें सीधे मैदान से बाहर भेज दिया।
पैराग्वे और तुर्किये के बीच खेले गए ग्रुप-डी मुकाबले में यह घटना पहले हाफ के आखिर में हुई। पैराग्वे के स्ट्राइकर इसिद्रो पिट्टा पर हुए फाउल के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान अल्मिरोन और तुर्किये के डिफेंडर मर्ट मुल्दुर (Mert Muldur) के बीच भी बहस हुई।
वीडियो फुटेज में अल्मिरोन अपने हाथ से मुंह ढककर मुल्दुर से कुछ कहते नजर आए। मुल्दुर ने तुरंत इसकी शिकायत मैच के ऑफिसर से की। इसके बाद VAR ने मामले की जांच की और रेफरी इवान बार्टन को फुटेज देखने के लिए बुलाया गया। रिप्ले देखने के बाद रेफरी ने अल्मिरोन को सीधा रेड कार्ड दिखा दिया। उस समय पैराग्वे 1-0 से आगे चल रहा था, लेकिन अल्मिरोन के बाहर होने के बाद टीम को बाकी मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

क्या है FIFA का नया नियम?
फीफा ने 2026 वर्ल्ड कप से पहले कुछ नए नियम लागू किए हैं। इसका मकसद मैदान पर होने वाली गाली-गलौज, अपमानजनक या टिप्पणियों को रोकना है। मुंह ढकने वाले नियम के मुताबिक- अगर कोई खिलाड़ी किसी सामने वाले खिलाड़ी से बहस या टकराव के दौरान हाथ, बाजू या जर्सी से अपना मुंह ढककर बात करता है, तो उसे रेड कार्ड दिया जा सकता है।
फीफा का मानना है कि मुंह ढकने से यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि खिलाड़ी ने क्या कहा। हालांकि यह नियम हर स्थिति में लागू नहीं होता है। अगर खिलाड़ी नॉर्मल बातचीत कर रहे हों या दोस्ताना अंदाज में बात कर रहे हों, तो मुंह ढकने पर कोई सजा नहीं दी जाएगी।
क्यों लाया गया यह नियम?
इस नियम को लाने के पीछे एक पुरानी घटना को वजह माना जा रहा है। इस साल चैंपियंस लीग के एक मैच में बेनफिका के खिलाड़ी जियानलुका प्रेस्टियानी पर आरोप लगा था कि उन्होंने रियल मैड्रिड के विनिसियस जूनियर से कुछ अपमानजनक बातें करते समय अपना मुंह ढक लिया था। उस मामले में यह साफ नहीं हो पाया था कि उन्होंने क्या कहा था।
इसी तरह की घटनाओं को रोकने के लिए फुटबॉल के नियम बनाने वाली कमेटी IFAB ने नया नियम लागू किया। अल्मिरोन अब इस नियम के तहत रेड कार्ड पाने वाले पहले बड़े खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी घटना के बाद बाकी टीमों के खिलाड़ियों को भी मैदान पर अपनी भाषा और व्यवहार को लेकर ज्यादा सावधान रहना होगा।

