IPL फाइनल के बाद माइकल क्लार्क कार एक्सीडेंट में बचे: 4 दिन बाद खुलासा, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बोले- कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे आ गया था
Published: Updated:
3 min read

माइकल क्लार्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 115 टेस्ट, 245 वनडे और 34 टी20 मैच खेले। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 का फाइनल 31 मई को हुआ था, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटन्स (GT) को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता था। इसी फाइनल के ठीक बाद टूर्नामेंट में कमेंट्री करने वाले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क की कार का एक्सीडेंट हुआ था। इस हादसे में वे बाल-बाल बचे थे। क्लार्क ने 4 दिन बाद इस एक्सीडेंट का खुलासा किया है।
माइकल क्लार्क कार में सो रहे थे
क्लार्क ने the Beyond23 Cricket पोडकास्ट में बताया कि वे फाइनल मैच के बाद अपनी ड्यूटी खत्म कर एयरपोर्ट आ रहे थे। थकान के चलते कार में उनकी नींद लग गई और इसी दौरान यह एक्सीडेंट हुआ। कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में नीचे आ गया था। शुक्र है कि उन्हें चोट नहीं लगी। ड्राइवर को पैरों में चोट लगी थी।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर ने भारतीय लोगों की तारीफ की, जिन्होंने घटना वाली जगह पर क्लार्क को सुरक्षित कार से निकाला और एयरपोर्ट तक पहुंचने में मदद की। क्लार्क ने कहा- फाइनल के बाद घर लौटने का सफर काफी इंट्रेस्टिंग रहा। मैं सफर के दौरान सो रहा था (कार में)। जाहिर है मैं गाड़ी नहीं चला रहा था। अचानक मेरी नींद खुली तो देखा कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में आधा घुस चुका था।
यह एक्सीडेंट कैसे हुआ?
क्लार्क ने कहा- हादसे के बाद ड्राइवर ने बताया कि ट्रक की ब्रेक लाइट नहीं जल रही थी। ऐसे में मेरा ड्राइवर गाड़ी कंट्रोल नहीं कर पाया और ट्रक के पिछले हिस्से में टक्कर हो गई। मैं फिर कहूंगा कि यह एक बड़ा सेमी-ट्रेलर था और हमारी कार टक्कर से पूरी खराब हो गई थी।
मुझे हल्की चोट लगी थी, लेकिन मैं पक्का मानता हूं कि ड्राइवर को पैर में गंभीर चोट लगी थी। मुझे चिंता हो रही थी, क्योंकि ड्राइवर काफी डरा हुआ था। वह उसकी कार नहीं थी बल्कि वो एक कंपनी में काम करता था।
BCCI और लोकल लोगों का आभार जताया
BCCI का हर अधिकारी और घटनास्थल पर मौजूद हर एक व्यक्ति ने मेरा ख्याल किया है। वे बहुत अच्छे हैं और मैं सभी का आभारी हूं। यह एक बहुत बड़ा एक्सीडेंट था। मानता हूं कि ऐसी चीजें होती रहती हैं, लेकिन मेरे लिए यह शॉकिंग था। क्योंकि मैं सो रहा था और जब उठा तो कार ट्रक से टकरा चुकी थी और मैं ट्रक के बहुत पास था। मैं टाइम पर एयरपोर्ट पहुंचा और फ्लाइट लेकर घर आ गया।

