IND Vs PAK मैच बंद करो : इंग्लैंड के पूर्व कप्तान आर्थरटन बोले- ये प्रोपेगंडा और कमाई का जरिया, ICC ये नौटंकी बंद करे
Published:
2 min read

भारत और पाकिस्तान के बीच 2013 से कोई बायलेटरल सीरीज नहीं हुई है। दोनों टीमें ICC इवेंट में आमने-सामने आती हैं।(फोटो सोर्स:सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल आर्थरटन ने भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले क्रिकेट मैचों पर रोक की मांग की है। आर्थरटन का कहना है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) इन मैचों में क्रिकेट से ज्यादा पैसे कमाने पर फोकस करती है। ये पॉलिटिकल प्रोपेगंडा को बढ़ावा देते हैं। इसलिए इन्हें बंद करना चाहिए।आर्थरटन का कहना है कि ICC इन मुकाबलों को जानबूझकर बार-बार करवा रही है, ताकि पैसा और पॉपुलैरिटी बढ़े। आर्थरटन ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैचों को ICC जानबूझकर बड़े टूर्नामेंटों में शामिल करता है। उनके मुताबिक, इन मुकाबलों को बार-बार एक ही ग्रुप में रखना सही नहीं है।
अब पैसे कमाने का जरिया
आर्थरटन ने एक इंटरव्यू में कहा- ICC का फोकस अब क्रिकेट को आगे बढ़ाना नहीं है। सिर्फ पैसे कमाने पर है। क्रिकेट की वैल्यू कम हो रही है। ICC पैसों की खातिर ऐसे मैचों की योजना बनाना बंद करे। अगर खेल को राजनीति और प्रोपेगेंडा से बचाना है तो टूर्नामेंट के फिक्स्चर अलग होने चाहिए। बिना भेदभाव के ग्रुप सही बनाने चाहिए। व्यूअरशिप और टीवी रेटिंग्स बढ़ाने से क्रिकेट का भला नहीं होने वाला।

2013 से कोई बायलेटरल सीरीज नहीं
भारत और पाकिस्तान के बीच 2013 से कोई बायलेटरल सीरीज नहीं हुई है। दोनों टीमें ICC इवेंट में आमने-सामने आती हैं। इसकी वजह यह है कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक रिश्ते अच्छे नहीं हैं। आर्थरटन का कहना है कि ICC इस दूरी का फायदा उठा रही है। वो इन मुकाबलों का इस्तेमाल सिर्फ पैसा कमाने के लिए कर रही है। यह अब एक तरह से राजनीतिक तनाव और सरकारी एजेंडे को दिखाने का मंच बन गया है।


