बुमराह-पंड्या और सूर्या को आराम मिल सकता है: तिलक की फॉर्म पर भी सवाल, प्लेऑफ से बाहर होते ही MI बेंच स्ट्रेंथ को आजमा सकती है
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में अब तक (11 मई) 55 मैच हो चुके हैं। इसमें काफी हद तक प्लेऑफ की तस्वीर साफ दिखने लगी है। इसी बीच 5 बार खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस (MI) टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। टीम ने अब तक (11 मई) 11 मैच खेले, जिसमें से 3 जीते और 8 हारे हैं।
मुंबई टीम के खराब परफॉर्मेंस और प्लेऑफ से बाहर होने के कई कारण हैं। इनमें से एक सीनियर प्लेयर्स की खराब फॉर्म भी है। कप्तान हार्दिक पंड्या खुद अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके।

MI टीम को अब 3 मैच ओर खेलने हैं
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बाकी मैचों में सीनियर प्लेयर्स को आराम दिया जा सकता है। इनमें कप्तान हार्दिक पंड्या भी शामिल हैं, जो चोट के चलते इस सीजन में तीन मैच नहीं खेल पाए। दूसरे सूर्यकुमार यादव और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं।
तिलक वर्मा ने भी एक सेंचुरी और एक फिफ्टी के अलावा खास प्रदर्शन नहीं किया है। तिलक ने 11 मैच में 261 रन बनाए हैं। इसमें से 101 और 57 रन की पारी हटा दें तो तिलक के 9 मैच में सिर्फ 103 रन ही बनाए। उनके परफॉर्मेंस में निरंतरता नहीं रही है।

सूर्या-पंड्या और बुमराह का परफॉर्मेंस
- इस सीजन में फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने 8 मैच खेले, जिसमें 20.85 के एवरेज से सिर्फ 146 रन बनाए। उन्होंने एक भी फिफ्टी नहीं लगाई। बॉलिंग में पंड्या ने सिर्फ 4 विकेट लिए।
- सूर्या ने 11 मैच में सिर्फ 195 रन बनाए। उनका एवरेज बेहद खराब 17.72 का रहा। सूर्या सिर्फ एक फिफ्टी लगा सके। पिछले मैच में RCB के खिलाफ गोल्डन डक पर आउट हुए।
- इस सीजन बुमराह का हाल सबसे खराब रहा। उन्होंने 11 मैच में सिर्फ 3 ही विकेट लिए। उनका इकॉनोमी रेट भी 8.51 का रहा। इस सीजन में सबसे ज्यादा बात बुमराह की ही चली है। कई दिग्गजों ने उन्हें आराम देने की भी बात कही।

MI के बाकी 3 मैच इन टीमों से होंगे
मुंबई को अपने बाकी 3 मैच पंजाब किंग्स (PBKS), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ खेलने हैं। ऐसे में देखना होगा कि किसे बैठाया जाता है और किसे मौका मिलता है।

