हार्दिक पंड्या गर्लफ्रेंड के साथ वेकेशन पर : MI के कोच पोलार्ड बोले- हार्दिक को सपोर्ट किया, लेकिन नतीजे हमारे हिसाब से नहीं आए
Published:
2 min read

हार्दिक पंड्या ने IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी की। टीम 14 में से सिर्फ 4 मैच जीती और बाहर हो गई। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 का सीजन मुंबई इंडियंस (MI) के लिए बेहद खराब रहा और टीम पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष करती नजर आई। पांच बार की चैंपियन MI इस बार पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर रही, जो फैंस और मैनेजमेंट दोनों के लिए निराश करने वाला है। इस दौरान कप्तान हार्दिक पंड्या की भी आलोचना हुई। फिलहाल, पंड्या गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ वेकेशन पर गए हैं। पंड्या को मुंबई एयरपोर्ट पर माहिका के साथ देखा गया।
दूसरी ओर MI के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंड्या की कप्तानी को लेकर कहा कि उन्हें सफल बनाने के लिए फ्रेंचाइजी ने हर संभव कोशिश की, लेकिन नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे।
मुंबई की हार का कोई एक प्लेयर जिम्मेदार नहीं
हालांकि पोलार्ड ने यह भी साफ किया कि वह किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार नहीं ठहराना चाहते। उन्होंने कहा यह पूरी टीम की फेलियर है और हार-जीत खेल का हिस्सा है। हमने पूरी कोशिश की, लेकिन यह सीजन हमारे हिसाब से नहीं गया। हमने जीत की लय नहीं पकड़ी और जब मोमेंट मिला भी, तो उसे आगे नहीं ले जा सके।

पोलार्ड ने आगे कहा- अभी किसी बड़े बदलाव या फैसले पर तुरंत बात करना सही नहीं होगा। टीम मैनेजमेंट को समय चाहिए ताकि वे इस सीजन हुई गलती को समझ सकें। जल्दबाजी में लिए गए फैसले अक्सर गलत साबित होते हैं।
इसके अलावा पोलार्ड ने जसप्रीत बुमराह को आखिरी मैच में आराम देने के फैसले को भी सही बताया। कहा- यह स्मार्ट डिसीजन था, क्योंकि टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी और खिलाड़ियों के वर्कलोड को मैनेज करना जरूरी था।


