मेसी का इस वर्ल्ड कप में पहला मैच आज: इस बार भी गोल्डन बूट और बॉल के दावेदार, एम्बाप्पे समेत ये 3 प्लेयर देंगे टक्कर
Published:
3 min read

लियोनेल मेसी FIFA वर्ल्ड कप 2022 में चैम्पियन बनने के बाद ट्रॉफी के साथ जश्न मनाते हुए।
स्पोर्ट्स डेस्क. अर्जेंटीना टीम FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मैच आज (16 जून) खेलेगी। अल्जीरिया के खिलाफ यह मैच टूर्नामेंट की शुरुआत के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। हर किसी की नजर एक बार फिर अर्जेंटीनाई स्टार लियोनल मेसी पर टिकी होगी।
यह मेसी का छठा वर्ल्ड कप है, जो आखिरी हो सकता है। उन्होंने 2022 फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना को चैम्पियन बनाया था। इस बार मेसी को गोल्डन बूट का दावेदार माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने अब तक यह अवॉर्ड नहीं जीता है। उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 2022 में रहा था, जब उन्होंने 7 गोल किए और दूसरे स्थान पर रहे थे। उनसे आगे फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे थे, जिन्होंने 8 गोल किए थे।

मेसी के साथ एम्बाप्पे भी गोल्डन बूट की रेस में हैं। उनके अलावा प्रमुख दावेदारों में इंग्लैंड के हैरी केन और नॉर्वे के अर्लिंग हालैंड शामिल हैं। मेसी अब तक अर्जेंटीना के लिए 199 मैचों में 117 गोल कर चुके हैं। इसके अलावा 61 से ज्यादा असिस्ट भी कर चुके हैं।
गोल्डन बॉल की उम्मीद
गोल्डन बॉल यानी टूर्नामेंट के बेस्ट प्लेयर का अवॉर्ड भी मेसी के लिए बड़ा टारगेट है। उन्होंने यह अवॉर्ड 2 बार 2014 और 2022 में जीता था। इस बार भी उन्हें दावेदार माना जा रहा है। अगर अर्जेंटीना फाइनल तक पहुंचती है और मेसी अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो उनके जीतने के चांस काफी होंगे।

अर्जेंटीना का ग्रुप
अर्जेंटीना को Group J में रखा गया है, जिसमें उनके साथ ऑस्ट्रिया, अल्जीरिया और जॉर्डन शामिल हैं। यह ग्रुप आसान माना जा रहा है, जिससे टीम के अगले दौर में पहुंचने की संभावना काफी मजबूत है।
दूसरी तरफ मेसी के राइवल हैरी केन, एम्बाप्पे और हालैंड को शुरुआत में ही ज्यादा कठिन मैच खेलने पड़ रहे हैं, जिससे उनके लिए ज्यादा गोल करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।
अगर सब टीमें अपने-अपने ग्रुप जीतकर आगे बढ़ती हैं, तो क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना और पुर्तगाल का मुकाबला हो सकता है। इस मैच में मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो आमने-सामने आ सकते हैं। इसके बाद सेमीफाइनल में अर्जेंटीना का सामना इंग्लैंड से भी हो सकता है, जो एक पुरानी और बड़ी राइवलरी होगी। अगर अर्जेंटीना फाइनल तक पहुंचती है, तो उसका मुकाबला फ्रांस या स्पेन जैसी मजबूत टीम से हो सकता है।

