मेसी-रोनाल्डो का आखिरी FIFA वर्ल्ड कप: मेसी ने 2022 में अर्जेंटीना को चैम्पियन बनाया, रोनाल्डो का सपना अब भी अधूरा
Published:
3 min read

लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए 198 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 116 गोल और 60 असिस्ट किए हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. फुटबॉल की दुनिया के दो सबसे बड़े सितारे क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी इस बार अपने करियर का आखिरी फीफा वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे। दोनों खिलाड़ियों के कॅरियर का यह छठा वर्ल्ड कप होगा। अर्जेंटीना के मेसी 24 जून को 39 साल के हो जाएंगे। पुर्तगाल के रोनाल्डो 5 फरवरी को ही 41 साल के हुए हैं।
मेसी अभी भी मैदान में चमक रहे हैं
मेसी ने 2022 में ही अर्जेंटीना को FIFA वर्ल्ड कप जिताकर अपना सपना पूरा कर लिया। उस समय लगा था कि अब वह फुटबॉल को अलविदा कह सकते हैं। खुद मेसी ने भी कहा था कि अब उनके कॅरियर में हासिल करने के लिए ज्यादा कुछ नहीं बचा है, लेकिन फुटबॉल के लिए उनका प्यार अभी खत्म नहीं हुआ। पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) क्लब छोड़ने के बाद मेसी अमेरिका के क्लब इंटर मियामी से जुड़े और वहां शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अपनी टीम को MLS कप भी जिताया।
सिर्फ क्लब फुटबॉल ही नहीं, अर्जेंटीना की टीम में भी उनकी अहमियत पहले जैसी बनी हुई है। 2024 कोपा अमेरिका में उन्होंने टीम को जीत दिलाई और वर्ल्ड कप क्वालिफायर में भी सबसे ज्यादा गोल किए। मेसी ने साफ कहा है कि जब तक शरीर साथ देगा, वह फुटबॉल खेलते रहेंगे। अब उनकी नजर एक और वर्ल्ड कप पर है। अगर सब ठीक रहा तो वह अपने कॅरियर के 200 इंटरनेशनल मैच भी पूरे कर लेंगे।
वर्ल्ड कप में नया रिकॉर्ड बना सकते हैं मेसी
मेसी अब तक फीफा वर्ल्ड कप में 26 मैच खेल चुके हैं, जो एक रिकॉर्ड है। उनके नाम 13 गोल भी हैं। जर्मनी के पूर्व खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोजे के 16 गोल के रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका भी उनके पास रहेगा।

रोनाल्डो का सपना अभी बाकी
दूसरी तरफ रोनाल्डो भी अपने आखिरी वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटे हैं। 41 साल की उम्र में भी उनका फिटनेस लेवल कमाल का है। रोनाल्डो ने पुर्तगाल को यूरो कप 2016 जिताया था, लेकिन वर्ल्ड कप जीतने का सपना अब भी अधूरा है। 2006 में पुर्तगाल की टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। हालांकि मौजूदा कोच रॉबर्टो मार्टिनेज को रोनाल्डो पर पूरा भरोसा है। वह आज भी टीम के कप्तान और मुख्य स्ट्राइकर हैं।

फैंस को मिल सकता है मेसी Vs रोनाल्डो मुकाबला
सबसे दिलचस्प बात यह है कि अगर अर्जेंटीना और पुर्तगाल अपने-अपने ग्रुप में टॉप करते हैं, तो क्वार्टर फाइनल में दोनों टीम के बीच मैच हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। शायद आखिरी बार मेसी और रोनाल्डो आमने-सामने दिखाई दें। लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए 198 और रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए 226 मैच खेले हैं।

वर्ल्ड कप में दोनों टीम के बीच कोई मैच नहीं हुआ
FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक अर्जेंटीना और पुर्तगाल के बीच अब तक एक भी मैच नहीं हुआ है। यदि इस बार मैच होता है तो यह एक ऐतिहासिक मुकाबला होगा। वैसे ओवरऑल दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मैच खेले गए। इसमें अर्जेंटीना और पुर्तगाल ने 3-3 मैच जीते। दो मैच ड्रॉ पर खत्म हुए।

