ODI World Cup 2027: 4 अक्टूबर से; 21 नवंबर को फाइनल; 14 टीमें हिस्सा लेंगी, साउथ अफ्रीका-जिम्बाब्वे और नामीबिया मेजबानी करेंगे
Published:
3 min read

2023 वनडे वर्ल्ड कप भारत में खेला गया था और ऑस्ट्रेलिया ने खिताब जीता था।
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। ICC ने 2027 ODI World Cup के लिए 4 अक्टूबर से 21 नवंबर तक का समय तय करने पर सहमति जताई है। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। खास बात यह है कि इस बार वर्ल्ड कप में फिर से 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक होने वाला है। हाल ही में अहमदाबाद में हुई ICC बोर्ड की बैठक में इस कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई और लगभग हरी झंडी भी मिल गई है। अब फाइनल मुहर जुलाई में स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग वाली AGM मीटिंग में लगेगी।
40 मैच साउथ अफ्रीका में होंगे
रिपोर्ट के अनुसार- टूर्नामेंट के ज्यादातर मैच दक्षिण अफ्रीका में खेले जाएंगे। वहां के आठ स्टेडियमों में 54 में से 40 से ज्यादा मुकाबले करने की संभावना है। वहीं जिम्बाब्वे को 8 से 10 मैचों की मेजबानी मिल सकती है, जबकि नामीबिया में करीब 3 मैच खेले जा सकते हैं। इस बार जिम्बाब्वे के लिए एक नई और खास बात यह है कि विक्टोरिया फॉल्स भी मेजबान शहरों की सूची में शामिल किया गया है।
यहां नया फाले मोसी-ओआ-टुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण इस साल पूरा होने की उम्मीद है। यह स्टेडियम वर्ल्ड कप से पहले घरेलू मैचों की मेजबानी करेगा और मई 2027 में इसका ऑफिशियल ओपनिंग सेरेमनी हो सकती है।

2027 का यह वर्ल्ड कप कई मायनों में खास रहेगा। साल 2003 के बाद पहली बार मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप अफ्रीका की धरती पर खेला जाएगा। इससे पहले 2003 में भी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने मिलकर वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी। इस बार टूर्नामेंट में फिर से 14 टीमें खेलेंगी। पिछले दो वनडे वर्ल्ड कप में सिर्फ 10 टीमों को मौका मिला था। 14 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा और हर में ग्रुप 7-7 टीमें होंगी। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें सुपर सिक्स राउंड में पहुंचेंगी।
साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को वॉकओवर
मेजबान होने के कारण दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सीधे वर्ल्ड कप में जगह मिल जाएगी। हालांकि नामीबिया को टूर्नामेंट में खेलने के लिए क्वालीफिकेशन से गुजरना होगा।

2027 से 2031 तक के नए फ्यूचर टूर प्रोग्राम
वर्ल्ड कप के साथ-साथ ICC 2027 से 2031 तक के नए फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) पर भी काम कर रही है। इसके अलावा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के नए प्लान पर भी चर्चा जारी है। ICC इस बात पर विचार कर रही है कि सभी ICC के सभी 12 फुल मेंबर देश WTC खेलें। जाए, जिसमें जिम्बाब्वे, आयरलैंड और अफगानिस्तान भी शामिल हो सकते हैं।इन सभी मुद्दों पर अंतिम फैसला जुलाई में होने वाली ICC की बैठक में सामने आ सकता है।

