2 साल बाद मयंक यादव की वापसी : 149 KM/H की रफ्तार से पहली बाॅल पर विकेट लिया; उसी समय पिता गोवर्धन परिक्रमा कर रहे थे
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. करीब दो साल तक इंजरी से जूझने के बाद भारत के तेज गेंदबाज मयंक यादव ने जबरदस्त वापसी की है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले T20 मैच में उन्होंने पहली ही गेंद पर 149 किमी/घंटा की रफ्तार से विकेट लेकर सबको चौंका दिया। दिलचस्प बात यह रही कि उसी समय उनके पिता प्रभु यादव मथुरा में गोवर्धन परिक्रमा कर रहे थे। वे अपने बेटे की फिटनेस और सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे थे।
18 रन देकर 2 विकेट लिए
दो साल तक इंजरी से परेशान रहने वाले मयंक ने आखिरकार वापसी कर ली। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मैच में उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट लिए।

पिता मथुरा पंहुचे
मयंक के पिता प्रभु यादव उस वक्त मथुरा में गोवर्धन परिक्रमा कर रहे थे। पिता ने बताया कि उन्होंने मैच भी नहीं देखा, लेकिन भगवान से सिर्फ यही प्रार्थना की कि बेटा हमेशा फिट रहे। उनके मुताबिक पिछले दो साल मयंक और पूरे परिवार के लिए बेहद मुश्किल रहे।

IPL 2024 में इंजरी हुई थी
IPL 2024 में अपनी तेज रफ्तार से पहचान बनाने वाले मयंक इसके बाद लगातार इंजरी से जूझते रहे। उन्हें पहले पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर हुआ, फिर टखने, पिंडली (काफ) और घुटने की चोट ने उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रखा। मयंक के बचपन के कोच देवेंद्र शर्मा ने बताया कि चोटों के बावजूद उन्होंने कभी मेहनत करना नहीं छोड़ा। बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में उन्होंने लंबे समय तक रिहैब किया और रोजाना घंटों गेंदबाजी की। अब बोर्ड उन्हें टेस्ट क्रिकेट के लिए भी तैयार कर रहा है।
मयंक के मेंटर नरेंद्र नेगी का कहना है, इतनी तेज रफ्तार से लगातार बाॅलिग करना आसान नहीं होता। कई लोगों ने उन्हें चोट के बाद खारिज कर दिया था, लेकिन इस वापसी से उन्होंने सबको जवाब दे दिया।
मैच के बाद मयंक यादव ने कहा- दो साल बाद भारत के लिए मैदान पर उतरते समय मैं थोड़ा घबराया हुआ था। लेकिन पहली ही गेंद पर विकेट मिलते ही मेरा आत्मविश्वास लौट आया। अब मेरी कोशिश यही है कि मैं फिट रहूं और लगातार भारत के लिए तेज और अच्छी गेंदबाजी करता रहूं।



