एक ही दिन में वर्ल्ड कप 2026 के दो सबसे तेज गोल: मोरक्को के साइबारी ने 70 सेकेंड में दागा, पराग्वे के मटियास गलार्जा ने कुछ ही घंटे में रिकॉर्ड तोड़ा
Published:
2 min read

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शुक्रवार को हुए मुकाबले में पराग्वे ने तुर्किये को 1-0 से हराया।
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक ही दिन में दो सबसे तेज गोल दागे गए। मोरक्को के इस्माइल साइबारी ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 70वें सेकंड में गोल किया। वहीं, पराग्वे के मिडफील्डर मटियास गलार्जा ने इससे भी 6 सेकंड कम लेते हुए तुर्किये के खिलाफ अपनी टीम को लीड दिला दी। इसी के साथ फिलहाल, इस वर्ल्ड कप के सबसे तेज स्कोरर की लिस्ट में गलार्जा पहले नंबर पर आ गए।
पेनल्टी बॉक्स के बाहर से शॉट लगाया
24 साल के मटियास गलार्जा ने ग्रुप-डी के मुकाबले में तुर्किये के खिलाफ मैच शुरू होने के महज 64 सेकेंड में गोल कर दिया। उन्होंने तुर्किये की गलती का फायदा उठाते हुए पेनल्टी बॉक्स के बाहर से शॉट लगाया, जिसे गोलकीपर उगुरकान चाकिर नहीं रोक सके।
पराग्वे अपने पहले मैच में अमेरिका से 4-1 से हार गया था, इसलिए यह शुरुआती गोल टीम के लिए काफी अहम साबित हुआ। टीम ने आखिरी तक इस एक गोल की लीड बनाए रखी और तुर्किये को 1-0 से हरा दिया। इस जीत के बाद पराग्वे के राउंड ऑफ 32 में पहुंचने के आसार बन गए हैं। उधर, तुर्किये पहले ही ऑस्ट्रेलिया से 2-0 से हार चुका था, अब दूसरी हार के बाद उसकी नॉकआउट दौर में पहुंचने की उम्मीदें कम हो गई हैं।

11 फरवरी 2002 को असुनसियोन में जन्मे गलार्जा ने 2022 में पराग्वे के लिए डेब्यू किया था। वह अब तक नेशनल टीम के लिए 14 मैचों में 2 गोल कर चुके हैं।
10.8 सेकेंड में हुआ है वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज गोल
वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज गोल करने का रिकॉर्ड तुर्किये के पूर्व स्ट्राइकर हाकान शुकुर के नाम है। उन्होंने 2002 वर्ल्ड कप में साउथ कोरिया के खिलाफ सिर्फ 10.8 सेकेंड में गोल दाग दिया था।

