रोहित सबसे मुश्किल बैटर: मार्क वुड बोले- विराट और पंत भी खतरनाक बल्लेबाज; एशेज से वापसी करेगा यह इंग्लिश पेसर
Published:
3 min read

इंग्लैंड के पेसर मार्क वुड एशेज सीरीज में वापसी करेंगे। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड के पेसर मार्क वुड ने रोहित शर्मा को सबसे खतरनाक बैटर बताया है। वुड लंबे वक्त से घुटने की चोट के चलते बाहर हैं, लेकिन नवंबर में एशेज सीरीज वापसी करने जा रहे हैं।
इस इंग्लिश पेसर ने विराट और ऋषभ पंत को भी एक बॉलर के नजरिए से मुश्किल बताया है।
रोहित को बाॅलिंग करना मुश्किल
वुड ने एक पॉडकास्ट में कहा- जब रोहित शर्मा अच्छे फॉर्म में होते हैं तो ऐसा लगता है जैसे उनका बैट और चौड़ा हो गया है। शॉर्ट बॉल डालो तो लगता है वो आउट हो जाएंगे, लेकिन अगर रोहित का दिन है तो वो उसी बाॅल पर सिक्स लगा देते हैं। उनके खिलाफ गेंदबाजी करना मुश्किल होता है।
वुड ने माना कि रोहित का टेम्परामेंट और टाइमिंग, दोनों ही लाजवाब हैं। वो बॉल को बहुत अच्छे से पढ़ लेते हैं और उनके शॉट्स में एक अलग ही क्लास होती है। खासतौर पर जब वो पुल या हुक शॉट खेलते तो बाॅलर की लाइन लैंथ खराब हो जाती है।
विराट फाइटिंग स्पिरिट के साथ खेलते है
वुड ने विराट कोहली के बारे में बात की। कहा- वह अलग क्लास वाले प्लेयर हैं। मैदान में फाइटिंग स्पिरिट के साथ खेलते है। विराट में जीतने का जज्बा है। हम जब ये सोचते हैं कि उन्हें चौथे या पांचवे स्टंप की लाइन पर बॉलिंग करेंगे तो वो आउट हो जाएंगे, ऐसा होता नहीं है वो उस बॉल पर बेहतरीन स्ट्रोक खेलते हैं। विराट सही मायनों में कॉम्पटीटर और क्लास प्लेयर हैं। उनके साथ खेलने में मजा आता है। उनके खिलाफ बाॅलर को फील्ड प्लेसमेंट में दिक्कत आती है।

पंत कुछ भी कर सकते हैं
वुड ने ऋषभ पंत को भी सराहा। कहा- उनकी सबसे बड़ी ताकत है उनका अनप्रेडिक्टेबल शॉट प्लेसमेंट। अगर आप बार-बार एक ही तरह से गेंद डालेंगे तो वो आपको बर्बाद कर देंगे। उनके पास बहुत तेज नजर है और वो गेंद को वहां मारते हैं जहां उन्हें चाहिए। पंत के खिलाफ आपको हर बार कुछ नया करना पड़ता है स्लो, फास्ट या फिर यॉर्कर। एक प्लान से काम नहीं चलता।
एशेज में वापसी करेंगे वुड
वुड ने बताया वह सितंबर में काउंटी क्रिकेट में वापसी करेंगे। उन्होंने आगे कहा- एशेज से पहले पूरी तरह फिट होना चाहता हूं। डरहम की टीम से 2-3 मैच खेलूंगा। अपनी फिटनेस और फॉर्म पर काम कर रहा हूं।

