लॉर्ड्स में ब्रॉड-एंडरसन का पोर्ट्रेट: 17 साल की दोस्ती और 1,308 विकेट की कहानी, खास तस्वीर के जरिए लीजेंडरी जोड़ी को सम्मान
Published:
3 min read

स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन ने एक जोड़ी के तौर पर 138 टेस्ट मैच साथ खेले, जिनमें दोनों ने मिलकर 1,039 विकेट लिए।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड के दो दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड और सर जेम्स एंडरसन एक बार फिर लॉर्ड्स में साथ नजर आए। दोनों ने लॉर्ड्स के लॉन्ग रूम में अपने खास पोर्ट्रेट को सबके सामने पेश किया।
यह सम्मान इंग्लैंड के लिए उनकी 17 साल की शानदार पार्टनरशिप और टेस्ट क्रिकेट में उनके योगदान के लिए दिया गया है। ब्रॉड और एंडरसन ने इंग्लैंड के लिए 350 से ज्यादा टेस्ट मैचों में खेलते हुए 1,308 विकेट लिए। पोर्ट्रेट के उद्घाटन के मौके पर दोनों ने साथ मिले इस सम्मान को खास बताया और अपने लंबे क्रिकेट सफर को याद किया।
ब्रॉड-एंडरसन की जोड़ी ने बनाए बड़े रिकॉर्ड
जेम्स एंडरसन ने अपने टेस्ट करियर में 188 मैच में 704 विकेट लिए। वहीं, स्टुअर्ट ब्रॉड ने 167 टेस्ट में 604 विकेट अपने नाम किए। दोनों ही इंग्लैंड के ऐसे गेंदबाज रहे, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 600 से ज्यादा विकेट लिए।
करीब 17 साल तक दोनों ने साथ गेंदबाजी की। कई मैचों में उन्होंने इंग्लैंड के लिए नई गेंद संभाली और घरेलू के साथ-साथ विदेशी मैदानों पर भी शानदार प्रदर्शन किया। एंडरसन गेंद को स्विंग कराने और सही लाइन-लेंथ के लिए जाने जाते थे, जबकि ब्रॉड अपनी उछाल वाली गेंदों और स्टंप पर लगातार हमला करने के लिए मशहूर थे। दोनों की यही खूबियां उन्हें एक बेहतरीन जोड़ी बनाती थीं।
लॉर्ड्स में हमेशा याद की जाएगी दोनों की जोड़ी
इस खास पोर्ट्रेट को कलाकार जेमी राउटली ने बनाया है। अब इसे लॉर्ड्स के संग्रह का हिस्सा बनाया जाएगा। MCC की हेरिटेज एंड कलेक्शंस कमेटी हर साल क्रिकेट से जुड़े दो नए पोर्ट्रेट के लिए फंड देती है।
पोर्ट्रेट के लिए नाम तय होने के बाद क्रिकेट कमेटी की मंजूरी भी जरूरी होती है। ब्रॉड और एंडरसन के लिए यह सम्मान इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें सिर्फ उनके निजी रिकॉर्ड नहीं, बल्कि दोनों की साथ की गई मेहनत और कामयाबी को भी दिखाया गया है। 17 साल तक एक-दूसरे का साथ देते हुए दोनों ने इंग्लैंड के लिए कई यादगार मुकाबले खेले।

अब दोनों टेस्ट क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास
स्टुअर्ट ब्रॉड ने 2023 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा, जबकि जेम्स एंडरसन ने 2024 में अपना इंटरनेशनल कॅरियर खत्म किया। हालांकि दोनों अब मैदान पर नहीं दिखते, लेकिन इंग्लैंड क्रिकेट में उनकी जगह हमेशा खास रहेगी।

