सलमान आगा रनआउट कंट्रोवर्सी: खेल भावना की बात करने वालों को लिटन का जवाब- यहां कोई चैरिटी नहीं चल रही
Published: Updated:
3 min read

बांग्लादेश के विकेटकीपर लिटन दास ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में 41 रन बनाए थे। (@BCB)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय बांग्लादेश दौरे पर तीन ODI की सीरीज खेल रही है। पहले दो मैच के बाद सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। दूसरा वनडे शुक्रवार (13 मार्च) को खेला गया। इसी मुकाबले में पाकिस्तानी बैटर सलमान अली आगा के रनआउट पर विवाद हुआ।
इसके बाद कई लोग खेल भावना की बात करने लगे, जिस पर बांग्लादेशी विकेटकीपर लिटन दास ने जवाब दिया। लिटन ने कहा कि यहां कोई चैरिटी नहीं चल रही है। यह इंटनेशनल क्रिकेट चल रहा है।
सलमान को रूल्स के तहत ही आउट किया
दूसरे वनडे के बाद लिटन ने डेली स्टार बांग्लादेश चैनल से कहा- पहली बात ये है कि यहां कोई चैरिटी नहीं चल रही है। यह एक इंटरनेशनल मैच है। हम सभी खेलने ही आए हैं। उन्होंने रूल्स के तहत ही आउट किया। बैटर (सलमान) गेंदबाज की मदद करने गया था, लेकिन उसे उम्मीद नहीं थी कि वह रनआउट हो जाएगा।
यहां खेल भावना से कोई समझौता नहीं हुआ है। हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है। बतौर एक खिलाड़ी हम यही मानते हैं कि यदि कोई आउट है तो आउट ही है।
सलमान इस तरह हुए रनआउट
दरअसल, मैच में पाकिस्तान टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग की। इसी दौरान 39वां ओवर बांग्लादेश के कप्तान और ऑफ स्पिनर मेहदी हसन मिराज ने किया। ओवर की चौथी बॉल पर स्ट्राइक पर मौजूद रिजवान ने लॉग ऑन की ओर हल्के हाथ से शॉट खेला।
तब नॉन स्ट्राइक पर क्रीज से बाहर खड़े सलमान आगा ने हटकर बॉल को जाने दिया, लेकिन मिराज ने पैर लगाकर बॉल रोक ली। इस दौरान दोनों प्लेयर आपस में टकरा गए। सलमान ने बॉल उठाने में मिराज की मदद करनी चाही, लेकिन बांग्लादेशी कप्तान ने तेजी से बॉल उठाई और स्टम्प्स में दे मारी।
चूंकि सलमान क्रीज से बाहर थे, ऐसे में मिराज ने रनआउट की अपील कर दी। फील्ड अंपायर ने मामला थर्ड अंपायर की ओर रेफर किया। तब थर्ड अंपायर ने सलमान को आउट करार दिया। सलमान सोच रहे थे कि वे बॉल उठाने में मदद कर रहे हैं। इससे उन्हें गुस्सा आया और पवेलियन जाते समय ग्लव्स और हेलमेट फेंक दिए।
पाकिस्तान 128 रन से मैच जीता
पाकिस्तान टीम पहले बैटिंग करते हुए 47.3 ओवर में 274 रन ही बना सकी। ओपनर माज सदाकत ने 46 बॉल पर 75 रन की पारी खेली। सलमान आगा ने 62 बॉल पर 64 रन बनाए। रिजवान ने 59 बॉल पर 44 रन की पारी खेली। जबकि बांग्लादेश के लिए रिशद हुसैन ने 3 और मेहदी हसन ने 2 विकेट लिए।
275 रन के टारगेट के जवाब में बांग्लादेश टीम 23.3 ओवर में 114 रन पर ही ढेर हो गई। बारिश से बाधित इस मैच को पाकिस्तान ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत 128 रन से जीत लिया।

