बांग्लादेश के पहले हिंदू कप्तान लिटन दास: अशरफुल को सबसे ज्यादा जीत के मामले में पछाड़ा, अब एशिया कप में संभालेंगे कमान
Published:
3 min read

जून-जुलाई 2025 में बांग्लादेश टीम ने श्रीलंका का दौरा किया था। इसी दौरान लिटन दास की कप्तानी में बांग्लादेश टीम ने 3 मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से जीती। (Instagram)
एशिया कप के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान हिंदू क्रिकेटर लिटन दास को सौंपी गई है। विकेटकीपर बैटर लिटन दास बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पहले हिंदू कप्तान भी हैं। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर कप्तान मोहम्मद अशरफुल को भी पछाड़ दिया है।
दरअसल, लिटन दास को पहली बार कप्तानी 2021 में मिली थी। इसके बाद से उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में कुल 25 मैचों में कप्तानी की। इस दौरान 13 में जीत मिली, जबकि 11 मुकाबले हारे हैं। एक मैच बेनतीजा रहा।
बांग्लादेश टीम के अब तक 23 कप्तान रहे
इस तरह लिटन दास सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच जीतने वाले 8वें बांग्लादेशी कप्तान बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कैप्टन अशरफुल को पीछे छोड़ दिया, जिनकी कप्तानी में बांग्लादेश टीम ने 62 इंटरनेशनल मैच में से 10 जीते थे।
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के अब तक कुल 23 कप्तान रहे हैं। पहले कप्तान गाजी अशरफ थे, जिन्होंने 7 मैचों में कप्तानी संभाली थी। 23वें नंबर के कप्तान मेहदी हसन मिराज हैं, जिन्होंने अब तक 9 इंटरनेशनल मैच में कप्तानी की।
वनडे टीम के कप्तान को भी नहीं चुना
एशिया कप के लिए बांग्लादेशी टीम में विकेटकीपर बैटर नुरुल हसन को भी जगह मिली है। हसन की 3 साल से टी20 टीम में वापसी हुई है। उन्होंने आखिरी मुकाबला 2022 टी20 वर्ल्ड कप में खेला था। एशिया कप से पहले बांग्लादेश को नीदरलैंड्स के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी है। यही टीम यह सीरीज भी खेलेगी, जो 30 अगस्त से सिलहट में होगी।
पिछली टी20 सीरीज में खेलने वाले ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज को जगह नहीं मिली। उन्हें रिजर्व प्लेयर के तौर पर चुना गया। खास बात ये है कि मिराज अभी बांग्लादेश के वनडे टीम के कप्तान हैं। सौम्य सरकार, तनवीर इस्लाम और हसन महमूद को भी रिजर्व में ही रखा गया है।
बांग्लादेश का पहला मैच 11 सितंबर को
एशिया कप इस बार 9 से 28 सितंबर तक होगा। बांग्लादेश टीम ग्रुप-B में है, जिसमें श्रीलंका, अफगानिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग भी हैं। बांग्लादेश को अपना पहला मैच 11 सितंबर को हॉन्ग कॉन्ग के साथ अबू धाबी में खेलना है। इसके बाद 13 सितंबर को श्रीलंका और 16 सितंबर को अफगानिस्तान से मैच होगा।
एशिया कप 2025 के लिए बांग्लादेशी टीम
लिटन दास (कप्तान), तनजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, तौहिद हृदॉय, जाकिर अली, शमीम हुसैन, काजी नुरुल हसन, मेहदी हसन, रिशद हुसैन, नसूम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्किन अहमद, शोरिफुल इस्लाम और शैफ उद्दीन।
रिजर्व प्लेयर- सौम्य सरकार, मेहदी हसन मिराज, तनवीर इस्लाम, हसन महमूद।

