मेसी नवंबर में केरल नहीं आएंगे: कोच्चि में होने वाला मैच टला; दिसंबर का प्लान पक्का, PM मोदी से भी मिलेंगे
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय फुटबॉल फैन्स को निराश करने वाली एक खबर सामने आ रही है। लियोनल मेसी अपनी अर्जेंटीना टीम के साथ नवंबर में केरल आने वाले थे। यहां कोच्चि में 17 नवंबर को एक फ्रेंडली मैच खेलना था, लेकिन अब यह मुकाबला टल गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो यह मैच अगले साल हो सकता है।
हालांकि मेसी का दिसंबर में भारत दौरा अब भी तय है। वे भारत के 4 शहरों में घूमेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। मेसी दिसंबर 2025 में दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और अहमदाबाद दौरे पर आएंगे।
मेसी अकेले केरल आने को तैयार थे
केरल के बिजनेसमैन और मैच ऑर्गनाइजर एंटो ऑगस्टीन ने कहा कि FIFA से मंजूरी मिलने में देरी के कारण इस मैच को टाल दिया गया है। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) से बात करने के बाद यह फैसला लिया गया। मुकाबला कब होगा इसकी तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी। ऑगस्टीन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है।
दूसरी ओर केरल के स्पोर्ट्स मिनिस्टर वी अब्दुरहमान ने कहा कि अर्जेंटीना टीम के साथ मैच के लिए दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। यदि यह टीम नवंबर में नहीं आ पाएगी तो बाद में जरूर आएगी। मिनिस्टर ने दावा किया कि मेसी अकेले ही केरल आने को तैयार थे, लेकिन हमने उनसे टीम के साथ ही आने को कहा है।
कोलकाता, मुंबई समेत 4 शहरों में मास्टर क्लास लेंगे
हाल ही में इवेंट के प्रमोटर सताद्रु दत्ता ने बताया था कि मेसी दिसंबर में 3 दिन के लिए भारत के दौरे पर आएंगे। इसकी शुरुआत वे 12 दिसंबर को कोलकाता से होगी और 15 दिसंबर को दिल्ली में यह इवेंट खत्म करेंगे। यहां वे PM मोदी से भी मुलाकात करेंगे। मेसी के इस टूर को ‘GOAT टूर ऑफ इंडिया 2025’ नाम दिया गया है।
GOAT टूर में कई सारे इवेंट होंगे, जिनमें कंसर्ट, फुटबॉल मास्टर क्लासेस, मीट एंड ग्रीट, फूड फेस्टिवल शामिल हैं। कोलकाता में मेसी 13 दिसंबर को सॉल्ट लेक स्टेडियम में ‘GOAT कंसर्ट’ और ‘GOAT कप’ में शामिल होंगे। वे बच्चों की मास्टर क्लास भी लेंगे। कोलकाता में साल्टलेक स्टेडियम में एक ‘GOAT कंसर्ट’ और सॉफ्ट टच मैच होगा, जिसमें सौरव गांगुली और बाईचुंग भूटिया समेत खेल जगह से जुड़े कई लोग शामिल होंगे। इवेंट की टिकट प्राइस 3500 रुपये से शुरू होगी।
14 साल बाद भारत का दूसरा दौरा
मेसी ने कहा है कि भारत फुटबॉल के लिए बहुत खास जगह है और वे इस दौरे को लेकर बहुत उत्साहित हैं। यह मेसी का भारत में 14 साल बाद दूसरा दौरा होगा।
मेसी का यह टूर उनके फैंस के लिए बहुत खास होने वाला है। मेसी के सम्मान में 25 फीट के स्टैच्यू को बनाया गया है। वे इसका अनावरण करेंगे।
मुंबई में होगा पैडल ‘GOAT कप’
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ‘GOAT टूर’ के दौरान क्रिकेट और बॉलीवुड के कई बड़े सितारों से भी मेसी मुलाकात करेंगे। इसमें रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, रणवीर सिंह, आमिर खान और टाइगर श्रॉफ भी शामिल हो सकते हैं। यह एक ऐसा मौका होगा जब भारत के फेमस सितारे और फुटबॉल की दुनिया के स्टार एक ही मंच पर एक साथ दिखेंगे।

