दिसंबर में भारत आएंगे लियोनल मेसी : 14 साल बाद 3 दिन के इवेंट में हिस्सा लेंगे; दिल्ली में PM मोदी से मुलाकात करेंगे
Published:
2 min read

लियोनल मेसी फीफा वर्ल्ड कप 2022 की चैंपियन टीम अर्जेंटीना के कप्तान थे । (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. फुटबॉल के स्टार खिलाड़ियों में से एक अर्जेंटीना के लियोनल मेसी का भारत दौरा कंफर्म हो गया है। इसकी जानकारी इवेंट के प्रमोटर सताद्रु दत्ता ने दी। वह तीन दिन के लिए भारत के दौरे पर आएंगे। इसकी शुरुआत वे 12 दिसंबर को कोलकाता से होगी और 15 दिसंबर को दिल्ली में यह इवेंट खत्म करेंगे। यहां वे PM मोदी से भी मुलाकात करेंगे। मेसी के इस टूर को ‘GOAT टूर ऑफ इंडिया 2025’ नाम दिया गया है।
कोलकाता, मुंबई समेत 4 शहरों में मास्टर क्लास लेंगे
GOAT टूर में कई सारे इवेंट होंगे, जिनमें कंसर्ट, फुटबॉल मास्टर क्लासेस, मीट एंड ग्रीट, फूड फेस्टिवल शामिल हैं। कोलकाता में मेसी 13 दिसंबर को सॉल्ट लेक स्टेडियम में ‘GOAT कंसर्ट’ और ‘GOAT कप’ में शामिल होंगे। वे बच्चों की मास्टर क्लास भी लेंगे। कोलकाता में साल्टलेक स्टेडियम में एक ‘GOAT कंसर्ट’ और सॉफ्ट टच मैच होगा, जिसमें सौरव गांगुली और बाईचुंग भूटिया समेत खेल जगह से जुड़े कई लोग शामिल होंगे। इवेंट की टिकट प्राइस 3500 रुपये से शुरू होगी।
14 साल बाद भारत का दूसरा दौरा
मेसी ने कहा है कि भारत फुटबॉल के लिए बहुत खास जगह है और वे इस दौरे को लेकर बहुत उत्साहित हैं। यह मेसी का भारत में 14 साल बाद दूसरा दौरा होगा।
भारत में मेसी का स्टैच्यू बनाया गया
मेसी का यह टूर उनके फैंस के लिए बहुत खास होने वाला है। मेसी के सम्मान में 25 फीट के स्टैच्यू को बनाया गया है। वे इसका अनावरण करेंगे।
मुंबई में होगा पैडल ‘GOAT कप’
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ‘GOAT टूर’ के दौरान क्रिकेट और बॉलीवुड के कई बड़े सितारों से भी मेसी मुलाकात करेंगे। इसमें रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, रणवीर सिंह, आमिर खान और टाइगर श्रॉफ भी शामिल हो सकते हैं। यह एक ऐसा मौका होगा जब भारत के फेमस सितारे और फुटबॉल की दुनिया के स्टार एक ही मंच पर एक साथ दिखेंगे।

