लियोनल मेसी की हैट्रिक: वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल के रिकॉर्ड की बराबरी, अर्जेंटीना का जीत के साथ आगाज; कैसा रहा मैच का रोमांच
Published:
3 min read

FIFA WC 2026 में अर्जेंटीना का पहला मुकाबला अल्जीरिया से था। इस मैच में लियोनल मेसी ने बैक टू बैक 3 गोल किए। (फोटो सोर्स: Reuters)
स्पोर्ट्स डेस्क। कैन्सस सिटी स्टेडियम में फुटबॉल फैंस को वह रात देखने को मिली, जिसे लंबे वक्त तक याद रखा जाएगा। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक जमाकर न सिर्फ अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई, बल्कि वर्ल्ड कप इतिहास में कई नए कीर्तिमान भी रच डाले।
38 साल के मेसी ने अपने करियर की पहली वर्ल्ड कप हैट्रिक लगाते हुए अर्जेंटीना को टूर्नामेंट के पहले मैच में दमदार जीत दिलाई। इसी के साथ उन्होंने वर्ल्ड कप फाइनल्स में अपने गोलों की संख्या 16 तक पहुंचा दी और जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लोवा क्लोजे के सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
मेसी के नाम हुए कई रिकॉर्ड
मेसी का यह 200वां इंटरनेशनल मुकाबला था। यह उनका लगातार छठा वर्ल्ड कप है। अल्जीरिया के खिलाफ मैदान में उतरते ही वह 6 वर्ल्ड कप खेलने वाले इतिहास के पहले फुटबॉलर बने। यह उनका 27वां वर्ल्ड कप मैच था। वह सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में दमदार परफॉर्मेंस ने मेसी को वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाला सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम था।
स्टेडियम में मेसी को स्टैंडिंग ओवेशन
मैच शुरू होने से पहले ही कैन्सस सिटी स्टेडियम नीले-सफेद रंग में रंग चुका था। हजारों अर्जेंटीनी समर्थक ‘मेसी, मेसी’ के नारे लगा रहे थे। उनके 200वें इंटरनेशनल मैच और छठे वर्ल्ड कप में उतरने के सम्मान में फैंस ने स्टेडियम में खड़े होकर उनका स्वागत किया। हर गोल के बाद स्टेडियम में जश्न देखने लायक था। हैट्रिक पूरी होते ही दर्शकों ने उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन भी दिया।
ऐसा रहा मैच का रोमांच
मैच की शुरुआत बेहद तेज रही। पांचवें मिनट में मेसी का एक गोल ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिया गया। इसके तीन मिनट बाद अल्जीरिया का भी एक गोल खारिज हुआ।
हालांकि 17वें मिनट में मेसी ने फिर से अपने पैरों का जादू दिखाया। उन्होंने मिडफील्ड से मिले पास को शानदार तरीके से कंट्रोल किया और बेहतरीन कर्लिंग शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। अल्जीरियाई गोलकीपर लुका जिदान, जो फ्रांस के महान खिलाड़ी जिनेदिन जिदान के बेटे हैं, इस अटेम्प्ट को रोक नहीं सके।
पहले हाफ में मेसी एक लापरवाह टैकल के कारण विवादों में भी आए, लेकिन उन्हें कोई बड़ी सजा नहीं मिली। दूसरे हाफ में अर्जेंटीना ने दबाव बढ़ाया। 60वें मिनट में लुका जिदान की गलती का फायदा उठाते हुए मेसी ने नजदीक से दूसरा गोल दाग दिया। इसके बाद 76वें मिनट में उन्होंने बॉक्स के बाहर से जोरदार शॉट लगाकर अपनी हैट्रिक पूरी की और स्टेडियम को झूमने पर मजबूर कर दिया। जीत के बाद जश्न की एक तस्वीर...
अर्जेंटीना के लिए भी खास जीत
यह जीत अर्जेंटीना के लिए इसलिए भी खास रही क्योंकि बतौर मौजूदा विश्व चैंपियन टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप के अपने शुरुआती मुकाबले में जीत दर्ज की। इससे पहले 1982 और 1990 में खिताब बचाने उतरी अर्जेंटीना को पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था।
अब अगली चुनौती
ग्रुप-J में जीत के साथ अर्जेंटीना ने शानदार शुरुआत कर ली है। अब उसकी नजरें ऑस्ट्रिया और जॉर्डन के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबलों पर होंगी। मेसी सिर्फ एक और गोल करके वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनने की दहलीज पर खड़े हैं। अगर उनका मौजूदा फॉर्म जारी रहा, तो अगले ही मैच में फुटबॉल इतिहास की एक और बड़ी रिकॉर्ड बुक फिर से लिखी जा सकती है।

