मेसी की मोदी से मुलाकात नहीं: जय शाह ने क्रिकेट जर्सी गिफ्ट की; मेसी ने कहा- फिर इंडिया आऊंगा
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. लियोनल मेसी GOAT टूर ऑफ इंडिया 2025 पर हैं। इस टूर के तहत उन्होंने भारत के कई शहरों का दौरा किया और सोमवार को वह नई दिल्ली पहुंचे। माना जा रहा था कि मेसी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हो सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वजह यह रही कि प्रधानमंत्री पहले ही विदेश दौरे पर रवाना हो चुके थे। इसके बावजूद मेसी की दिल्ली यात्रा को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
जानिए मेसी ने क्या कहा
जय शाह से जर्सी लेने के बाद मेसी ने कहा- हम इंडिया से बहुत सारा प्यार लेकर जा रहे हैं। हम फिर से आएंगे। कोई मैच खेलने के लिए या फिर किसी मौके पर जरूर आएंगे। इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया ।
सोमवार को लियोनेल मेसी का दिल्ली दौरा और भी यादगार बन गया। इस दौरान उन्होंने ICC चेयरमैन जय शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली से मुलाकात की। शाह ने मेसी, लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भेंट की। यह फुटबॉल और क्रिकेट की दुनिया के मिलन का खास पल था।

मेसी को एक खास तोहफा भी दिया गया। जिसमें एक ऑटोग्राफ किया हुआ क्रिकेट बैट शामिल था। इससे यह पल और भी खास बन गया। इसके अलावा, जय शाह ने मेसी को आने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए न्योता दिया और उन्हें इस बड़े टूर्नामेंट का टिकट भी दिया। इस मुलाकात ने दिखाया कि भारत में खेल जगत के बड़े सितारों और खेल प्रशासन के बीच रिश्ता मजबूत हो रहा है। मेसी के इंडिया टूर के आखिरी पड़ाव में यह मुलाकात एक खास और यादगार पल बन गई।
मेसी अरुण जेटली स्टेडियम में पहुंच चुके हैं। जैसे ही मेसी आए, पूरा स्टेडियम खुशी से झूम उठा। हर तरफ़ “मेसी, मेसी” के नारे गूंजने लगे।लियोनेल मेसी भारत दौरे पर बच्चों के साथ बहुत समय बिता रहे हैं। अरुण जेटली स्टेडियम में मेसी, लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ फुटबॉल खेल रहे हैं। वे बच्चों के साथ बाॅल ड्रिबल कर रहे हैं। यह पल बच्चे अपनी पूरी जिदगी कभी नहीं भूलेंगे।

दिल्ली पहुंचने में देरी
मेसी मुंबई से दिल्ली के लिए सुबह 9:15 बजे उड़ान भरने वाले थे। हालांकि दिल्ली में घने कोहरे के कारण उनकी चार्टर्ड फ्लाइट में करीब तीन घंटे की देरी हो गई। आखिरकार विमान ने दोपहर 12 बजे मुंबई से टेक आफ होने बाद दोपहर 2:30 बजे दिल्ली में लैंड किया। इस देरी का असर उनके पूरे कार्यक्रम पर पड़ा। अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले इवेंट को करीब 40 मिनट देर से शुरू करना पड़ा।

होटल और मीट एंड ग्रीट
दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मेसी सीधे द लीला पैलेस होटल पहुंचे। यहां उन्होंने चुनिंदा मेहमानों और फैन्स के साथ करीब एक घंटे का मीट एंड ग्रीट सेशन किया। इस दौरान लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ी को करीब से देखने और तस्वीरें खिंचवाने को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए।

अरुण जेटली स्टेडियम में खास कार्यक्रम
मेसी अपने साथी खिलाड़ी रोड्रिगो डी पॉल के साथ अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित एक इवेंट में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में लगभग 60 हजार फुटबॉल प्रेमियों की भारी भीड़ थी। इसके अलावा मेसी ने पुराना किला में एक खास फोटोशूट भी कराया, जो इस दौरे का एक खास पल रहा।

मेसी की अधिकारियों से मुलाकात
अपने दिल्ली दौरे के दौरान मेसी भारत के मुख्य न्यायाधीश, थल सेना चीफ अर्जेंटीना के एंबेसडर और कुछ और सरकारी अधिकारियों से भी मुलाकात करने वाले हैं। यह दौरा खेल के साथ-साथ भारत और अर्जेंटीना के रिश्तों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
भारत से विदाई
दिल्ली में अपने सभी कार्यक्रम पूरे करने के बाद लियोनेल मेसी मियामी रवाना हो जाएंगे, मेसी का यह भारत दौरा भले ही छोटा रहा हो, लेकिन भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए यह हमेशा एक यादगार पल बनकर रहेगा।

