मेसी-रोनाल्डो का आखिरी वर्ल्ड कप: मैनुअल रिटायरमेंट से वापस आकर खेल रहे, नेमार समेत इन 8 प्लेयर्स का लास्ट WC हो सकता है
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होगा। ऐसा पहली बार होगा, जब किसी एक FIFA वर्ल्ड कप में 48 टीमें खेलेंगी। यह टूर्नामेंट लियोनल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और नेमार जूनियर समेत 8 खिलाड़ियों के लिए कॅरियर का आखिरी वर्ल्ड कप होने वाला है।
हालांकि इनमें जर्मनी के दिग्गज गोलकीपर मैनुअल नोयर भी हैं, जिन्होंने फुटबॉल से रिटायरमेंट ले लिया था। लेकिन उन्होंने FIFA वर्ल्ड कप 2026 खेलने के लिए संन्यास से वापसी की है। आइए जानते हैं इन सभी 8 प्लेयर्स के बारे में...

लियोनल मेसी (अर्जेंटीना)
2022 FIFA वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना को चैम्पियन बनाने वाले मेसी (Lionel Messi) इस बार अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे। 39 साल के मेसी के कॅरियर का यह छठवां वर्ल्ड कप रहेगा। अगले वर्ल्ड कप तक वे 43 साल के होंगे, ऐसे में उनका खेलना नामुमकिन सा रहेगा। मेसी ने अब तक वर्ल्ड कप में 26 मैच खेले, जिसमें 13 गोल किए हैं।

रोनाल्डो (पुर्तगाल)
क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) के कॅरियर का भी यह छठवां वर्ल्ड कप रहेगा। 41 साल के रोनाल्डो ने अब तक वर्ल्ड कप में 22 मैच खेले, जिसमें 8 गोल किए हैं। उनका भी अगला वर्ल्ड कप खेलना नामुमकिन सा है, क्योंकि अगली बार वे 45 साल के होंगे।

मैनुअल नोयर (जर्मनी)
गोलकीपर मैनुअल नोयर (Manuel Neuer) पहले ही संन्यास ले चुके थे, लेकिन वे रिटायरमेंट से वापसी करते हुए यह वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। 40 साल के नोयर के कॅरियर का यह पांचवां और आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है।

गुलिएर्मो ओचोआ (मैक्सिको)
गोलकीपर गुलिएर्मो ओचोआ (Guillermo Ochoa) 40 साल के हो चुके हैं। उन्होंने पहले ही हिंट दे दिया है कि यह उनके कॅरियर का आखिरी वर्ल्ड कप होगा। यह उनका छठवां सीजन रहेगा।

लुका मोड्रिक (क्रोएशिया)
40 साल के लुका मोड्रिक (Luka Modric) इस वर्ल्ड कप में रोनाल्डो के बाद दूसरे उम्रदराज प्लेयर हैं। मोड्रिक के रहते ही क्रोएशिया टीम 2018 वर्ल्ड कप में पहली बार फाइनल तक पहुंची थी, जहां फ्रांस ने हराया था। 2022 सीजन में क्रोएशिया टीम तीसरे नंबर पर रही थी। यह उनका 5वां वर्ल्ड कप होगा।

नेमार (ब्राजील)
नेमार जूनियर (Neymar Jr) लगातार चोट की वजह से जूझते रहे हैं। 34 साल के नेमार शायद अगला वर्ल्ड कप नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि फिटनेस की समस्या उनके साथ लगातार बनी हुई है। नेमार अब तक 13 वर्ल्ड कप मैच में 8 गोल कर चुके हैं। यह उनका चौथा वर्ल्ड कप होगा।

मोहम्मद सालाह (इजिप्ट)
यह प्लेयर कई साल से अकेले ही इजिप्ट टीम को अकेले ही लेकर चल रहा है। इस बार उन्हें कुछ प्लेयर्स का साथ मिलेगा, लेकिन उनकी खराब फॉर्म टीम के लिए टेंशन बनी हुई है। 33 साल के सालाह (Mohamed Salah) के लिए यह आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है। रिपोर्ट्स हैं कि वर्ल्ड कप के बाद सालाह सऊदी अरब में शिफ्ट होंगे और धीरे-धीरे इंटरनेशनल फुटबॉल से दूरी बना लेंगे।

सादियो माने (सेनेगल)
34 साल के सादियो माने (Sadio Mane) इस बार वर्ल्ड कप में अपनी टीम सेनेगल की कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे। फॉरवर्ड सादियो का यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप माना जा रहा है।
लिवरपूल और बायर्न म्यूनिख के पूर्व विंगर सादियो ने ही 2021 में सेनेगल को पहला अफ्रीका कप ऑफ नेशंस जिताया था। तब सादियो ने मैच विनिंग पेनल्टी गोल दागा था। 2022 वर्ल्ड कप में चोट के चलते नहीं खेल सके थे। सादियो लगातार चोट से जूझते रहे हैं। ऐसे में उनका अगले वर्ल्ड कप में भी खेलना मुश्किल है।

