मेसी ने तोड़ा 69 साल पुराना रिकॉर्ड: 38 साल के फुटबॉलर का 117वां गोल बना बेहद खास, अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा उम्र में गोल करने वाले फुटबॉलर बने
Published:
3 min read

अमेरिका के अलाबामा स्थित जॉर्डन-हेयर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने आइसलैंड को 3-0 से हराया।
स्पोर्ट्स डेस्क.फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। आइसलैंड के खिलाफ खेले गए एक फ्रेंडली मैच में गोल दागकर मेसी अर्जेंटीना की नेशनल टीम के सबसे ज्यादा उम्र में गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। 38 साल की उम्र में भी मेसी का जादू बरकरार है। उन्होंने साबित कर दिया कि वह आज भी दुनिया के सबसे बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल हैं।
अमेरिका के अलाबामा स्थित जॉर्डन-हेयर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अर्जेंटीना ने आइसलैंड को 3-0 से हराया। मेसी पहले हाफ में टीम में शामिल नहीं थे, क्योंकि उन्हें हल्की हैमस्ट्रिंग की परेशानी थी। हालांकि,वह दूसरे हाफ में मैदान पर उतरे और आते ही मैच का रुख बदल दिया।
मेसी 69वें मिनट में मैदान पर आए। उनके मैदान में उतरते ही स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। मैदान पर आने के कुछ ही सेकंड बाद मेसी ने अपनी पासिंग से आइसलैंड की डिफेंस को तोड़ दिया। उनके पास पर लॉटारो मार्टिनेज को पेनल्टी बॉक्स में फाउल किया गया, जिसके बाद अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली।

71वें मिनट में गोल किया
71वें मिनट में मेसी ने खुद पेनल्टी लेने की जिम्मेदारी उठाई और गेंद को गोलपोस्ट के ऊपरी कोने में पहुंचा दिया। यह उनके इंटरनेशनल करियर का 117वां गोल था। इसी गोल के साथ उन्होंने अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा उम्र में गोल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
मेसी ने यह रिकाॅर्ड 38 साल, 11 महीने और 18 दिन की उम्र में हासिल की। इससे पहले यह रिकॉर्ड अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी एंजेल लाब्रुना के नाम था, जिन्होंने 1957 में 38 साल, 9 महीने और 10 दिन की उम्र में ब्राजील के खिलाफ गोल किया था। यानी करीब 69 साल पुराना रिकॉर्ड अब मेसी के नाम हो गया है।
85वें मिनट में तीसरा गोल किया
मेसी ने मैच के 85वें मिनट में अर्जेंटीना के तीसरे गोल की शुरुआत भी उन्हीं ने की। उन्होंने रोड्रिगो डी पॉल के साथ बेहतरीन कोर्डिनेशन दिखाया, जिसके बाद थियागो अल्माडा ने गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी। इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों को मजबूती दी है।

11 जून से वर्ल्ड कप
FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से होगा। ओपनिंग मैच एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में खेला जाएगा। यह पहला FIFA वर्ल्ड कप होगा, जिसमें 48 टीमें खेलेंगी। फाइनल 19 जुलाई 2026 को मेटलाइफ स्टेडियम में होगा।

