मेसी पर खत्म हुआ सस्पेंस: FIFA World Cup 2026 खेलेंगे, अर्जेंटीना की स्क्वॉड का हिस्सा बने; 16 जून को है पहला मुकाबला
Published:
3 min read

वर्ल्ड कप से पहले अर्जेंटीना दो फ्रेंडली मैच भी खेलेगा। टीम 6 जून को होंडुरास और 9 जून को आइसलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
स्पोर्ट्स डेस्क. अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनेल मेसी फीफा वर्ल्ड कप 2026 में खेलते नजर आएंगे। गुरुवार (28 मई) को अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने 26 खिलाड़ियों की टीम का ऐलान किया और साफ कर दिया कि इस बार भी मेसी ही टीम की कप्तानी करेंगे।
38 साल के मेसी का यह छठा वर्ल्ड कप होगा। यह अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। इससे पहले उन्होंने 2022 में कतर वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाया था।
मेसी को पिछले हफ्ते इंजरी हुई थी
पिछले कुछ दिनों से मेसी की फिटनेस को लेकर काफी चर्चा चल रही थी। उनकी क्लब टीम इंटर मियामी ने बताया था कि उन्हें बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में हल्की परेशानी है। फिलाडेल्फिया के खिलाफ मैच के दौरान मेसी बीच मैच से बाहर हो गए थे, जिसके बाद फैंस की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि स्कालोनी ने साफ कहा कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं है और मेसी वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे।
अर्जेंटीना की टीम में कई पुराने और अनुभवी खिलाड़ियों को जगह मिली है। कतर वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के 17 खिलाड़ी फिर से स्क्वॉड में शामिल हैं। गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज, डिफेंडर क्रिस्टियन रोमेरो, मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल और स्ट्राइकर लाउतारो मार्टिनेज जैसे बड़े नाम फिर से टीम का हिस्सा हैं।

हालांकि कुछ ऐसे बड़े खिलाड़ी भी हैं, जो टीम में जगह नहीं बना पाए। सबसे ज्यादा चर्चा 18 साल के युवा फ्रैंको मस्तांतुओनो के बाहर होने की हो रही है। उन्हें अर्जेंटीना का भविष्य माना जाता है, लेकिन इस बार सिलेक्टर ने उन पर भरोसा नहीं दिखाया। इसके अलावा पाउलो डिबेला और एमिलियानो बुएंदिया जैसे खिलाड़ी भी टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे।
टीम में कुछ युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है। निकोलस पाज, वैलेंटिन बार्को और जोस मैनुअल लोपेज जैसे युवा खिलाड़ियों को देखकर साफ है कि अर्जेंटीना भविष्य की तैयारी भी साथ-साथ कर रहा है।
डिफेंडर क्रिस्टियन रोमेरो की वापसी भी टीम के लिए अच्छी खबर है। वह घुटने की चोट की वजह से लंबे समय से बाहर चल रहे थे। लेकिन अब उनकी वापसी से टीम का डिफेंस मजबूत नजर आ रहा है।
11 जून से शुरू हो रहा है वर्ल्ड कप
फीफा 2026 इस बार अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट 11 जून से शुरू होगा। अर्जेंटीना अपना पहला मुकाबला 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ कैनसस सिटी में खेलेगा। इसके अलावा ग्रुप स्टेज में अर्जेंटीना का मुकाबला ऑस्ट्रिया और जॉर्डन से भी होगा।
अर्जेंटीना दो फ्रेंडली मैच भी खेलेगा
वर्ल्ड कप से पहले अर्जेंटीना दो फ्रेंडली मैच भी खेलेगा। टीम 6 जून को होंडुरास और 9 जून को आइसलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इन मुकाबलों के जरिए टीम अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
फुटबॉल फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशी यही है कि मेसी एक बार फिर वर्ल्ड कप में अपना जलवा दिखाने वाले हैं। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि क्या मेसी अपनी कप्तानी में अर्जेंटीना को लगातार दूसरा वर्ल्ड कप दिला पाएंगे या नहीं।

ऐसी है अर्जेंटीना की स्क्वॉड
गोलकीपर:
एमिलियानो मार्टिनेज
जेरोनिमो रूली
जुआन मुस्सो
डिफेंडर:
गोंजालो मोंटियल
नाहुएल मोलिना लिसांद्रो मार्टिनेज निकोलस ओटामेंडी ,लियोनार्डो बालेरडी
क्रिस्टियन रोमेरो,फाकुंडो मेडिना निकोलस टैग्लियाफिको
मिडफील्डर:
लिएंड्रो परेडेस,रोड्रिगो डी पॉल,एक्सेकियल पलासियोस,एंजो फर्नांडेज एलेक्सिस मैकएलिस्टर,जियोवानी लो सेल्सो,वैलेंटिन बार्को
फॉरवर्ड / अटैकर्स:
लियोनेल मेसी,निकोलस पाज,
थियागो अल्माडा, निकोलस गोंजालेज,जूलियन अल्वारेज,
जुलियानो सिमियोने,लाउतारो मार्टिनेजजोस मैनुअल लोपेज

