मेसी-अबराम खान की मुलाकात : शाहरुख खान का रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल
Published:
2 min read

मेसी जब कोलकाता पहुंचे तो शाहरुख और अबराम मेसी से मिलने होटल पहुंचे। अबराम के लिए यह पल बेहद खास था। दोनों ने मेसी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
स्पोर्ट्स डेस्क. कोलकाता में फुटबॉल फैंस के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार पल देखने को मिला, जब दुनिया के महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी भारत पहुंचे। इस खास मौके पर बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान छोटे बेटे अबराम के साथ मेसी से मिले। अबराम की मेसी के साथ तस्वीरें और शाहरुख का रिएक्शन सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
मेसी के साथ फोटो सेशन
मेसी जब कोलकाता पहुंचे तो शाहरुख और अबराम मेसी से मिलने होटल पहुंचे। अबराम के लिए यह पल बेहद खास था। दोनों ने मेसी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। मेसी के टीममेट लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी इस दौरान साथ थे। तस्वीरों में अबराम बेहद खुश नजर आए। शाहरुख के चेहरे की मुस्कान साफ बता रही थी कि एक पिता के लिए यह कितना गर्व का पल है। शाहरुख ने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका वेलकम किया।
मेसी की 70 फीट ऊंची स्टैच्यू
मेसी 14 साल बाद भारत आए हैं। शनिवार को कोलकाता के श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब में मेसी की 70 फीट ऊंची स्टैच्यू का उद्घाटन किया गया। इसमें वो 2022 फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी हाथ में लिए नजर आते हैं। फीफा वर्ल्ड कप जीतना हर फुटबाॅलर का सपना होता है। मेसी इस कार्यक्रम में खुद मौजूद नहीं थे। हालांकि वे कोलकाता के हयात रीजेंसी होटल से वर्चुअली इस आयोजन से जुड़े। स्टेडियम में हजारों फुटबॉल प्रशंसक मौजूद थे, जो इस खास पल का हिस्सा बनने के लिए दूर-दूर से आए थे। सभी के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा था।

इस पल को कभी नहीं भूलेंगे
मेसी के इस बार के दौरे से पूरे देश में फुटबॉल को लेकर नया उत्साह देखने को मिल रहा है। ‘GOAT इंडिया टूर’ के ऑर्गेनाइजर सतद्रु दत्ता ने कहा कि मेसी की मौजूदगी से भारतीय फुटबॉल को नई पहचान और ऊर्जा मिल रही है। फैंस के लिए यह एक ऐसा मौका है, जिसे वे जिंदगी भर नहीं भूलेंगे।

2011 में पहली बार भारत आए थे
मेसी इससे पहले साल 2011 में भारत आए थे। उस समय उन्होंने कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में अर्जेंटीना की ओर से वेनेजुएला के खिलाफ एक दोस्ताना मैच खेला था,जिसमें अर्जेंटीना ने 1-0 से जीत हासिल की थी।

