IPL फाउंडर ललित मोदी को FEMA केस में राहत: बोले- अब इस साल के आखिर या अगले साल की शुरुआत में लौटूंगा
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. IPL के फाउंडर और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी (Lalit Modi) ने 16 साल बाद भारत लौटने का ऐलान किया है। 2009 IPL के साउथ अफ्रीका सीजन से जुड़े फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA case) में अपीलेट ट्रिब्यूनल से राहत मिलने के बाद उन्होंने कहा कि अब उनके खिलाफ चल रही 16 साल लंबी कानूनी लड़ाई खत्म हो गई है।
ललित मोदी 2010 से भारत से बाहर रह रहे हैं। इस साल के आखिर या अगले साल की शुरुआत में भारत लौटने की प्लानिंग है।
16 साल बाद सच सामने - ललित मोदी
ललित मोदी ने फैसले पर खुशी जताते हुए कहा- मैं इस वर्डिक्ट से बहुत खुश हूं। 16 साल तक मैंने लड़ाई लड़ी। जो बात मैं इतने सालों से कह रहा था, वही आखिरकार सच साबित हुई। अब मैं अपनी लाइफ में आगे बढ़ना चाहता हूं। भारत लौटने का इंतजार कर रहा हूं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में उनकी बेटी के यहां बेटे का जन्म होने वाला है। उसके बाद वह भारत लौट सकते हैं।

क्या था पूरा मामला?
यह पूरा विवाद साल 2009 के IPL सीजन से जुड़ा हुआ है:
- साउथ अफ्रीका में हुआ था IPL: 2009 में भारत में लोकसभा चुनाव होने के कारण पूरा IPL टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका में आयोजित किया गया था।
- ED का आरोप: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आरोप लगाया था कि टूर्नामेंट कराने के लिए विदेश भेजे गए फंड के मामले में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की जरूरी मंजूरी नहीं ली गई थी, जो FEMA नियमों का उल्लंघन है।
- ट्रिब्यूनल ने क्या कहा: स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी) एक्ट (SAFEMA) के तहत बने अपीलेट ट्रिब्यूनल ने ED की ज्यादातर कार्रवाई और लगाए गए जुर्माने को रद्द कर दिया। ट्रिब्यूनल ने कहा कि ललित मोदी को FEMA नियमों के उल्लंघन का जिम्मेदार ठहराने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं। यह फैसला 16 जुलाई को सुनाया गया था।

2010 से भारत से बाहर हैं ललित मोदी
ललित मोदी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आर्किटेक्ट माने जाते हैं। वह IPL के पहले चेयरमैन और कमिश्नर भी रहे। 2010 में ED, BCCI और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की अलग-अलग इन्वेस्टिगेशन शुरू होने के बाद वह भारत छोड़कर विदेश चले गए थे। अब ट्रिब्यूनल से राहत मिलने के बाद उन्होंने भारत वापसी की तैयारी शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप 2026 की बेस्ट प्लेइंग XI: मेसी-एम्बाप्पे और हालैंड को जगह, कोबेल गोलकीपर; रोनाल्डो-यमाल बाहर

