6 छक्के लगाते ही पोर्श कार लेने पहुंचे युवी: ललित मोदी बोले- मैंने वादा पूरा किया; श्रीसंत की वाइफ बेवजह नाराज
Published:
3 min read

ललित मोदी (लेफ्ट) IPL के फाउंडर हैं। युवराज सिंह ने 2019 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। (फाइल)
स्पेर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के फाउंडर और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने युवराज सिंह पर बड़ा खुलासा है। उन्होंने कहा कि 2007 टी20 वर्ल्ड कप में एक ओवर में 6 छक्के लगाने के बाद युवराज उनके पास पोर्श कार लेने आ गए थे।
ललित ने पूर्व ऑस्ट्रेलियन कप्तान माइकल क्लार्क के साथ पोडकास्ट में यह खुलासा किया। इसी दौरान ललित ने 2008 के हरभजन सिंह औऱ एस श्रीसंत स्लैपगेट कंट्रोवर्सी पर भी बात की थी। इस पर श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी नाराज हुईं। अब ललित ने अलग से उन्हें जवाब दिया है। मोदी के मुताबिक- मैंने सिर्फ जिक्र किया। भुवनेश्वरी की नाराजगी बेवजह है।
पहले बात युवी की करते हैं। उन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 छक्के लगाए थे। यह इंडियन क्रिकेट का अब तक का सबसे यादगार पलों में से एक है।
छह सिक्स या छह विकेट, पोर्श पक्की
ललित ने कहा- 2007 टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले इंडियन ड्रेसिंग रूम में जाकर मैंने एक अहम ऐलान किया था। मैंने कहा था- जो भी प्लेयर एक ओवर में छह सिक्स लगाएगा या छह विकेट लेगा, उसे मैं पोर्श कार गिफ्ट करूंगा।
छठा सिक्स लगाने के बाद युवराज ने मोदी से मांगी अपनी पोर्श
युवराज ने इंग्लैंड के खिलाफ यह कमाल कर दिखाया। मोदी के मुताबिक- छठवां सिक्स लगाने के बाद युवी सीधे मेरी तरफ दौड़ते हुए आए और कहा - मुझे मेरी पोर्शे चाहिए। तब मोदी ने हंसते हुए कहा - मुझे तुम्हारा बल्ला दो। मोदी ने अपना वादा पूरा किया और युवराज को पोर्श कार दी। बदले में उन्होंने युवराज का वह बल्ला ले लिया, जिससे उन्होंने छह सिक्स लगाए थे। आज भी वह बल्ला ललित के घर में निशानी के तौर पर रखा है।
2007 के टी20 वर्ल्ड कप में युवराज ने 6 मैच में 148 रन बनाए और उनका एवरेज 29.60 रहा। इंग्लैंड के खिलाफ 16 गेंद में 58 रनों की पारी के साथ टीम सेमीफाइनल में पहुंची और सेमीफाइनल मुकाबले में भी युवराज ने 70 रन की पारी खेली।
श्रीसंत की वाइफ को भी दिया जवाब
IPL 2008 सीजन में हरभजन सिंह और एस श्रीसंत के बीच 'स्लैपगेट’ इंसिडेंट सामने आया था। भज्जी ने श्रीसंत को मैदान पर सबके सामने थप्पड़ मार दिया था। ललित मोदी ने क्लार्क के साथ पोडकास्ट में इस मामले पर भी बात की और इस घटना का एक पुराना ओरिजिनल वीडियो शेयर किया था।
इस पर श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने नाराज हुईं और इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर करते हुए ललित और क्लार्क पर भड़ास निकाली। भुवनेश्वरी ने दोनों से कहा कि 2008 के हरभजन सिंह और श्रीसंत के बीच हुए थप्पड़ विवाद का गड़ा मुर्दा क्यों उखाड़ रहे हो। शर्म कर लो। इन पर केस होना चाहिए।
अब ललित ने जवाब देते हुए कहा - मुझे नहीं पता कि वह (भुवनेश्वरी), श्रीसंत की पत्नी, नाराज क्यों हो रही हैं। मुझसे सवाल पूछा गया था, जिसका मैंने सच बता दिया। मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता। मैं सच बोलने के लिए जाना जाता हूं। श्रीसंत पीड़ित थे और मैंने भी यही कहा। मुझसे पहले यह बात किसी ने नहीं पूछी थी, इसलिए जब क्लार्क ने मजाक में पूछा तब मैंने जवाब दिया।

