इंडिया समेत 4 टीम को एंट्री!: पाकिस्तान की मेन्स-वुमन्स टीम बाहर हो सकती है, अगले साल ओलंपिक क्वालिफायर
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (IOC) ने ओलंपिक 2028 के लिए क्रिकेट टीमों का क्वालिफिकेशन सिनेरियो जारी किया है। यह ओलंपिक लास एंजिलिस में खेले जाएंगे। इसके तहत अगले ओलंपिक में मेन्स और वुमन्स की 6-6 टीमें हिस्सा लेंगी।
इस सिनेरियो को देखा जाए तो टीम इंडिया को डायरेक्ट एंट्री मिलेगी, लेकिन पाकिस्तान की मेन्स और वुमन्स टीमें बाहर हो सकती हैं। इसकी संभावना काफी ज्यादा है।
मेन्स-वुमन्स टीम का क्वालिफिकेशन सिनेरियो
- 4 कॉन्टिनेंट्स से टॉप-4 टीमें क्वालिफाई करेंगी
- मेजबान देश अमेरिका डायरेक्ट क्वालिफाई करेगा
- बाकी 1 टीम क्वालिफायर राउंड से एंट्री करेगी
5 टीमों को डायरेक्ट एंट्री!
ओलंपिक में हिस्सा लेने वाली 6 में से 5 टीम ICC इवेंट और टी20 रैंकिंग के हिसाब से तय की जाएंगी। टॉप-4 टीम का क्वालिफिकेशन 31 दिसंबर 2026 को T20I रैंकिंग के हिसाब से होगा। इसमें अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिआना कॉन्टिनेंट्स की टॉप रैंकिंग वाली टीम को एंट्री मिलेगी। पांचवीं होस्ट टीम अमेरिका रहेगी।
अमेरिका को भी टॉप-15 में रहना होगा
हालांकि अमेरिका की दोनों टीम (मेन्स-वुमन्स) को डायरेक्ट क्वालिफाई करने के लिए 30 जून से 31 दिसंबर 2026 के बीच किसी भी समय ICC T20I रैंकिंग के टॉप-15 में शामिल होना होगा। यदि अमेरिकी टीम ऐसा नहीं कर पाती है तो 1 मार्च 2027 तक टी20 रैंकिंग में टॉप पर रहने वाली टीम (पहले से क्वालिफाई ना हो) को एंट्री मिलेगी।
USA की मेन्स टीम इस समय ICC की टी20 रैंकिंग में 13वें नंबर पर है। ऐसे में यह टीम क्वालिफाई कर लेगी। हालांकि वुमन्स टीम 20वें नंबर पर है। उसे दमदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-15 में जगह बनानी होगी।
छठवीं टीम के लिए क्वालिफायर टूर्नामेंट
मेन्स और वुमन्स दोनों कैटेगरी में छठवीं टीम के लिए 2027 में ICC ओलंपिक क्वालिफायर टूर्नामेंट होगा। इसमें 8-8 टीमें होंगी। 7 टीम T20I रैंकिंग (पहले से क्वालिफाई टीम को छोड़कर) के हिसाब से ली जाएंगी। बाकी एक होस्ट टीम रहेगी। क्वालिफायर टूर्नामेंट की चैम्पियन टीम ओलंपिक खेलेगी।
टॉप-4 वुमन्स टीम तय
इस समय ICC वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा है। यहां से 4 टीमें ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करेंगी। ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड), इंडिया और साउथ अफ्रीका ने अपनी जगह पक्की कर ली है। अब होस्ट अमेरिका और छठवीं टीम की एंट्री बाकी है।
वेस्टइंडीज के लिए क्या रूल्स
कई कैरेबियन देशों से मिलकर एक ग्रुप बनता है और क्रिकेट में वेस्टइंडीज नाम से इनकी एक टीम खेलती है। यह टीम IOC में रजिस्टर्ड नहीं है। ऐसे में यदि वेस्टइंडीज की टीम टॉप-8 में आती है, तब कैरेबियाई देशों के लिए ICC वेस्टइंडीज नेशंस रीजनल टूर्नामेंट करवाया जाएगा। यह जीतने वाली टीम क्वालिफायर टूर्नामेंट खेलकर ओलंपिक में जगह बना सकती है।
फॉर्मेट क्या होगा?
ओलंपिक में खेलने वाली टीम में ज्यादा से ज्यादा 15 खिलाड़ी ही रह सकेंगे। दोनों कैटेगरी में 6 टीम को 3-3 के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। ग्रुप स्टेज में हर एक टीम 2-2 मैच खेलेगी। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीम के बीच सेमीफाइनल होगा। इसमें ग्रुप की टॉपर दूसरे ग्रुप की नंबर-2 टीम से खेलेगी।
सेमीफाइनल जीतने वाली दोनों टीम के बीच फाइनल होगा। यह फाइनल जीतने वाली टीम को गोल्ड और हारने वाली टीम को सिल्वर मेडल मिलेगा। जबकि सेमीफाइनल हारने वाली दोनों टीम के बीच ब्रॉन्ज मेडल के लिए एक मैच होगा।
ओलंपिक के इस क्रिकेट इवेंट की मेन्स और वुमन्स दोनों कैटेगरी में कुल 28 मैच होंगे। सभी मुकाबले पोमोना (Pomona) के क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। ICC इस इवेंट का फुल शेड्यूल और ओलंपिक क्वालिफायर का शेड्यूल बाद में जारी करेगी।

