एक ओवर में 6 सिक्स: चीन के खिलाफ कुशल के 43 बॉल पर 129 रन; नेपाल का स्कोर 313, फिर 221 रन से जीता
Published:
2 min read

नेपाल के ओपनर कुशल भुर्तेल ने 43 बॉल पर 129 रन की पारी खेली। इस पारी में 16 सिक्स और 5 चौके लगाए। (@क्रिकेट नेपाल)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में एक बार फिर एक ओवर में 6 सिक्स का रोमांच देखने को मिला है। यह रिकॉर्ड नेपाल और चीन के बीच हुए मुकाबले में बना है। इसी मैच में नेपाल के कुशल भुर्तेल ने 43 बॉल पर 129 रन की पारी खेली। इसके बदौलत नेपाल ने 313 रन का स्कोर बनाया और चीन को 221 रन से शिकस्त दी। भुर्तेल प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
दरअसल, सिंगापुर में इस समय एशियन गेम्स मेन्स टी20 क्वालिफायर टूर्नामेंट खेला जा रहा है। यह इसी साल सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स का क्वालिफायर टूर्नामेंट है। इसका पहला मैच नेपाल और चीन के बीच ही खेला गया।
एक ओवर में 6 सिक्स लगाए
मैच में टॉस हारकर नेपाल ने पहले बैटिंग की और 2 विकेट पर 313 रन बना दिए। ओपनर कुशल भुर्तेल ने 43 बॉल पर 129 रन की पारी खेली। इस पारी में 16 सिक्स और 5 चौके लगाए। कुशल ने पारी के 9वें ओवर में 6 सिक्स लगाए। यह ओवर स्पिनर Chen Zhuo ने किया था।
इस ओवर में एक वाइड भी रही थी। बाकी लीगल डिलिवरी पर कुशल ने 6 छक्के लगाए। इसी के साथ कुशल ने टी20 इंटरनेशनल मैच के एक ओवर में 6 सिक्स लगाने के मामले में युवराज सिंह, कीरोन पोलार्ड, दीपेंद्र सिंह अरी, मनन बशीर और Darius Visser की बराबरी कर ली है।
दूसरी बार एक ओवर में सबसे ज्यादा रन
Chen के ओवर में एक वाइड और 6 सिक्स के साथ इस ओवर में 37 रन बने। इस तरह कुशल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे प्लेयर बन गए हैं। इससे पहले समोआ टीम के Darius ने वनुआतु टीम के खिलाफ एक ओवर में 39 रन बनाए थे। इस ओवर में 6 सिक्स लगे थे और 3 नोबॉल रही थीं।
221 रन से मैच जीता
नेपाल टीम ने 314 रन का टारगेट सेट किया था। जवाब में चीन की टीम 19.2 ओवर में 92 रन पर ही सिमट गई। इस तरह नेपाल ने यह मैच 221 रन से जीत लिया। कुशल मल्ला ने 3 विकेट लिए। मल्ला ने बैटिंग में 47 बॉल पर 85 रन भी बनाए थे।

