48 साल के संगकारा की सेंचुरी: इंडिया का हेलमेट पहनकर खेले, इंग्लैंड के विलेज टूर्नामेंट में 2 विकेट भी लिए
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने 48 साल की उम्र में शानदार बैटिंग की। पूर्व विकेटकीपर बैटर ने 2015 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। मगर वे इंग्लैंड के एक विलेज टूर्नामेंट में खेलते नजर आए। इस मैच में खास बात यह रही कि संगकारा इंडिया का लोगो लगा हुआ हेलमेट पहनकर मैच खेलने उतरे थे।
संगकारा इस टूर्नामेंट में शिलिंगस्टोन क्रिकेट क्लब के लिए खेले थे। उन्होंने ब्रॉडस्टोन क्रिकेट क्लब के खिलाफ 168 रन की नॉटआउट पारी खेली। इसमें 11 सिक्स और 16 चौके लगाए। उन्होंने स्पिन बॉलिंग भी की, जिसमें 2 विकेट भी लिए।
यशस्वी ने हेलमेट गिफ्ट दिया था
अब यहां कुछ मामले क्लियर करते हैं। पहला तो यह है कि सबसे ज्यादा चर्चा संगकारा के हेलमेट की हुई, जहां उन्होंने भारतीय टीम के लोगो वाला हेलमेट पन रखा था। दरअसल, संगकारा को यह हेलमेट भारतीय टीम के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने गिफ्ट दिया था। इसी के चलते संगकारा यही हेलमेट पहनकर मैच खेल लिए।

संगकारा IPL टीम राजस्थान के कोच हैं
संगकारा IPL में राजस्थान रॉयल्स (RR) टीम के हेड कोच और क्रिकेट डायरेक्टर भी हैं। यशस्वी इसी टीम से लीग में खेलते हैं। राजस्थान रॉयल्स इस IPL 2026 सीजन में चौथे नंबर पर रही थी। उसने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था।
इसके बाद क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स से हारकर बाहर हो गई थी। इस सीजन के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात को हराकर खिताब जीता था।
इस IPL में यशस्वी का प्रदर्शन
यशस्वी जायसवाल के लिए यह सीजन ठीकठाक ही रहा था। उन्होंने 16 मैच खेले, जिसमें 30.50 के एवरेज से 427 रन बनाए। इसमें तीन फिफ्टी शामिल रहीं। टॉप स्कोरर में यशस्वी 19वें नंबर पर रहे।

