केएल राहुल महाराजा ट्रॉफी में अनसोल्ड: 2 लाख की बेस प्राइस पर भी किसी ने नहीं खरीदा, नेशनल ड्यूटी बड़ी वजह रही
Published: Updated:
2 min read

भारतीय विकेटकीपर बैटर केएल राहुल IPL में दिल्ली कैपिटल्स से खेलते हैं, जहां उनकी फीस 14 करोड़ रुपए है। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. कर्नाटक की घरेलू लीग महाराजा ट्रॉफी KSCA टी20 2026 के लिए शुक्रवार (5 जून) को ऑक्शन हुआ। इसमें केएल राहुल भी उतरे थे, लेकिन उन्हें किसी ने नहीं खरीदा। राहुल की बेस प्राइस 2 लाख रुपए ही थी। जबकि राहुल IPL में दिल्ली कैपिटल्स से खेलते हैं, जहां उनकी फीस 14 करोड़ रुपए है।
दरअसल, राहुल को किसी भी टीम द्वारा नहीं खरीदे जाने की असली वजह उनका खेल नहीं बल्कि उपलब्धता है। यह महाराजा ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट 20 जून से खेला जाएगा। इस दौरान राहुल टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
नेशनल ड्यूटी पर बिजी रहेंगे राहुल
यही वजह रही कि किसी भी टीम ने राहुल को लेकर बोली नहीं लगाई। टीम का बजट एकदम टाइट होता है, ऐसे में कोई भी फ्रेंचाइजी ऐसे प्लेयर को नहीं खरीदना चाहती जो आधे या पूरे टूर्नामेंट से गायब रहे। या प्लेयर के खेलने पर सस्पेंस बना हुआ हो।
केएल राहुल जून और जुलाई में भारतीय टीम के साथ रहेंगे। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम में रखा गया है। इसके बाद भारतीय टीम को आयरलैंड दौरे पर 2 टी20 खेलने है। फिर इंग्लैंड दौरे पर 5 टी20 और 3 वनडे की सीरीज भी होगी।
करुण नायर सबसे महंगे प्लेयर
महाराजा ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट के ऑक्शन में करुण नायर सबसे महंगे रहे। उन्हें मंगलुरु ड्रैगन्स टीम ने 18 लाख रुपए में खरीदा है। जबकि मनीष पांडे को गुलबर्ग मिस्टिक्स ने 12.75 लाख में खरीदा है। देवदत्त पडिक्कल और प्रसिद्ध कृष्णा को भी खरीदा गया, लेकिन प्राइज ज्यादा नहीं मिली। दोनों को बराबर 2.60 लाख रुपए मिले। इसका कारण भी यह चिंता है कि वे उपलब्ध रहेंगे या नहीं।

