भारतीय महिला-पुरुष टीम से किंग चार्ल्स की मुलाकात: कहा- सिराज जिस तरह से आउट हुए वह दुखद; गिल बोले- अगले दो टेस्ट में किस्मत साथ देगी
Published:
2 min read

इंडियन विमेंस टीम ने इंग्लैंड में पहली बार टी20 सीरीज जीती। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं।
इंग्लैंड दौरे पर पहुंची भारतीय महिला और पुरुष टीम ने मंगलवार (15 जुलाई) को ब्रिटेन के किंग चार्ल्स-III से मुलाकात की। यह खास मुलाकात लंदन के सेंट जेम्स पैलेस के क्लेरेंस हाउस गार्डन में हुई। इस इवेंट पर कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह और हेड कोच गौतम गंभीर समेत पूरी टीम मौजूद रही। दोनों टीमों ने किंग चार्ल्स के साथ यादगार पल शेयर किए।
गिल ने बताया कि किंग ने लॉर्ड्स टेस्ट में मोहम्मद सिराज के आउट होने पर अपनी हमदर्दी जताई। गिल ने बोले- "किंग चार्ल्स ने कहा कि जिस तरह से हमारा बल्लेबाज आउट हुआ, वह वाकई दुखद था। गेंद बल्ले से लगकर स्टंप्स से टकरा गई।"
इसके बाद गिल ने किंग से कहा- "मैच किसी के भी तरफ जा सकता था और अब टीम को उम्मीद है कि अगले दो टेस्ट में किस्मत साथ देगी।"
राजीव शुक्ला भी मौजूद रहे
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने किंग से मुलाकात को एक ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने कहा- "यह बेहद खास मौका था जब किंग ने भारतीय महिला और पुरुष क्रिकेट टीम को इनवाइट किया। सभी प्लेयर उनसे मिलकर काफी खुश हैं।" शुक्ला ने बताया कि किंग चार्ल्स ने मेरी किताब के बारे में भी चर्चा की, जिससे यह मुलाकात और भी यादगार बन गई।
महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत से की मुलाकात
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा- “उनसे (किंग) मिलना एक बहुत ही खुशी का अनुभव रहा। यह हमारी पहली मुलाकात थी और वे बेहद खुशमिजाज और मिलनसार व्यक्ति हैं। हम क्रिकेट खेल रहे हैं और अपनी भावनाओं को खुलकर जाहिर करने के मौके मिल रहे हैं।”
भारतीय महिला टीम ने हाल ही में इंग्लैंड की महिला टीम को उसी के घर में 5 मैचों की टी20 सीरीज में 3-2 से हराया है। इसी के साथ महिला टीम ने इंग्लैंड में पहली बार कोई द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीती है।

