इमरान खान को जेल में देखकर बुरा लगता है: 1983 के वर्ल्ड चैम्पियन कप्तान कपिल देव बोले- उनके साथ सही बर्ताव नहीं हुआ
Published: Updated:
2 min read

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर कपिल देव। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम को 1983 में ODI वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव ने एक बयान दिया है, जो वायरल हो रहा है। कपिल ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इमरान खान को लेकर दिया। कपिल ने कहा कि इमरान को जेल में देखकर बहुत बुरा लगता है। उनके कद के हिसाब से उनके साथ सही बर्ताव नहीं किया गया।
इमरान खान ने अपनी कप्तानी में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 1992 ODI वर्ल्ड कप जिताया था। वे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी रहे हैं। फिलहाल, वे भ्रष्टाचार समेत कई मामलों को लेकर जेल में बंद हैं।
ट्रीटमेंट सही मिलनी चाहिए
इमरान को जेल में देखकर और उनके लेकर जो खबरें आती हैं, उनको लेकर आपको दुख होता है? इसके जवाब में कपिल देव ने स्पोर्ट्स तक से कहा- बहुत ज्यादा... बहुत बुरा लगता है। मुझे नहीं पता उन्होंने क्या गलत किया है। जो रिपोर्ट आती है तो यह लगता है कि इतने बड़े प्रधानमंत्री को ट्रीटमेंट सही मिलनी चाहिए। वो बड़े प्लेयर भी रहे और प्लेयर भी गलती कर सकते हैं।

कपिल ने आगे कहा- इमरान पर क्या आरोप हैं, वो मुझे नहीं पता, लेकिन इतना जरूर जानता हूं कि वो अपने देश के बड़े क्रिकेटर रहे हैं। वो प्रधानमंत्री भी रहे हैं, तो कुछ एथिक्स होने चाहिए। जो सुनने में आता है, तो वो वैसा (सही बर्ताव) नहीं है। ऐसे में बुरा लगता है। इसी के चलते कई क्रिकेटर्स ने मिलकर पाकिस्तान सरकार को एक लेटर भी लिखा था।
अदियाला जेल में बंद हैं इमरान
दरअसल, इमरान खान को भ्रष्टाचार, सरकारी उपहारों को अवैध रूप से बेचने (तोशाखाना मामला), अल-कादिर ट्रस्ट में अनियमितताओं और राज्य के सीक्रेट लीक करने जैसे 180 मामलों में दोषी ठहराया गया है। इमरान अगस्त 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं।

